भारत जोड़ो न्याय यात्रा: बैद्यनाथ मंदिर में पूजा कर रहे राहुल गांधी के सामने लगे मोदी-मोदी के नारे, दर्शन के बाद बोला आरएसएस पर हमला

बैद्यनाथ मंदिर में पूजा कर रहे राहुल गांधी के सामने लगे मोदी-मोदी के नारे, दर्शन के बाद बोला आरएसएस पर हमला
  • झारखंड में भारत जोड़ो न्याय यात्रा का दूसरा दिन
  • देवघर के बैद्यनाथ मंदिर में की पूजा
  • मंदिर के बाहर लोगों ने किया विरोध प्रदर्शन

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। कांग्रेस सांसद राहुल गांधी की भारत जोड़ो न्याय यात्रा इन दिनों झारखंड से गुजर रही है। इस दौरान शनिवार को वह राज्य के देवघर स्थित बैद्यनाथ मंदिर पहुंचे। जहां उन्होंने पूजा-अर्चना की। इस दौरान राहुल गुलाबी रंग की धोती और माथे पर चंदन लगाए दिखाई दिए। बता दें कि यहां से वो शाम को धनबाद के लिए रवाना होंगे और रात टुंडी विधानसभा में आने वाले हलकट्टा में रुकेंगे।

मंदिर के बाहर लगे मोदी-मोदी के नारे

वहीं जब राहुल गांधी बैद्यनाथ मंदिर में पूजा करके बाहर निकले तो मंदिर के बाहर खड़े लोगों ने मोदी-मोदी, जयश्रीराम और राहुल गांधी मुर्दाबाद के नारे लगाए। बता दें कि इससे पहले आज यानी शनिवार की सुबह उन्होंने झारखंड के गोड्डा से यात्रा की शुरूआत की। इस दौरान लोगों से बातचीत में उन्होंने आरएसएस और बीजेपी पर जमकर निशाना साधा।

नफरत की राजनीति कर रही भाजपा

राहुल ने कहा, कांग्रेस की लड़ाई बीजेपी और आरएसएस के लोगों के दिल में भरी नफरत और डर के खिलाफ है। ये लोग नफरत की राजनीति करते हैं। वह एक जाति को दूसरी जाति से, एक धर्म को दूसरे धर्म से और आदिवासियों को गैर-आदिवासियों से लड़ाने का काम कर रहे हैं।

उनकी इसी नफरत के खिलाफ हम भारत जोड़ो न्याय यात्रा लेकर सबको जोड़ने और मोहब्बत की दुकान खोलने झारखंड आए हैं। उन्होंने पीएम मोदी पर निशाना साधते हुए कहा कि, मोदी ने अरबपतियों का कर्ज माफ किया है, लेकिन किसानों का कर्ज माफ नहीं किया। जबकि कांग्रेस की सरकार में किसानों का 72 हजार करोड़ रुपए का कर्ज माफ हुआ था। इसके साथ कांग्रेस सांसद ने कहा कि भाजपा झारखंड में चुनी हुई सरकार को गिराने का प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा, भाजपा ने एक बार फिर उस सरकार को तोड़ने और अस्थिर करने का प्रयास किया है, जिसे झारखंड की जनता ने चुना था। हालांकि, इंडिया गठबंधन ने भाजपा की इस साजिश को सफल नहीं होने दिया। भाजपा के पास मनी पावर और जांच एजेंसियां है, लेकिन कांग्रेस उनसे डरती नहीं हैं। भाजपा की फूट डालने वाली विचारधारा के खिलाफ कांग्रेस लड़ती रहेगी।

बता दें कि राहुल गांधी की भारत जोड़ो न्याय यात्रा शुक्रवार यानी 2 फरवरी की शाम बंगाल से झारखंड पहुंची। जहां राज्य के नए सीएम चंपई सोरेन ने उनका स्वागत किया। अपनी न्याय यात्रा के लिए राहुल झारखंड में 8 दिन रहेंगे और 13 जिलों का सफर करेंगे।

Created On :   3 Feb 2024 12:34 PM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story