लोकसभा चुनाव 2024: 'लालटेन युग' को याद कर पीएम मोदी ने बढ़ाया बिहार का सियासी पारा, बोले- 'पलायन और जंगलराज से मिला..'

लालटेन युग को याद कर पीएम मोदी ने बढ़ाया बिहार का सियासी पारा, बोले- पलायन और जंगलराज से मिला..
  • पीएम मोदी ने मुंगेर लोकसभा सीट का किया दौरा
  • 13 मई को चौथे चरण में मुंगेर सीट पर होंगे चुनाव
  • ललन सिंह और कुमारी अनीता के बीच है टक्कर

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शुक्रवार को बिहार के मुगेर लोकसभा क्षेत्र पहुंचे। जहां उन्होंने एनडीए उम्मीदवार और जेडीयू प्रत्याशी ललन सिंह के लिए वोट देने की अपील की। इस दौरान उन्होंने एक बार फिर लालू परिवार पर निशाना साध कर बिहार की सियासत में खलखली मचा दी है। पीएम मोदी ने कहा कि बिहार अब लालटेन युग के बाहर निकल गया है।

जनसभा को संबोधित करते हुए पीएम मोदी ने कहा कि लालटेन वाले अंधकार युग में जो जंगलराज चलता था, उसे मुंगेर ने सबसे अधिक सहा है। पहले हर कोई यहां से पलायन के बारे में सोचता था, लेकिन JDU और BJP के नेतृत्व में NDA सरकार ने लालटेन के उस अंधकार युग से बिहार को बाहर निकाला है। अब जब भारत तेजी से विकसित हो रहा है, तो बिहार के तेज विकास का यही समय है। उन्होंने कहा कि आज बिहार में लड़ाई NDA के संतुष्टिकरण मॉडल और इंडी गठबंधन के तुष्टिकरण मॉडल के बीच है।

पीएम मोदी ने कहा कि विरासत टैक्स लगाकर आपसे लूटी गई संपत्ति को कांग्रेस अपने खास वोट बैंक को बांट देगी। आज पूरा देश, नौजवान, बुजुर्ग मां-बाप चिंतित हैं। इसलिए एक स्वर से पूरा देश कह रहा है- कांग्रेस की लूट, जिंदगी के साथ भी और जिंदगी के बाद भी।

पीएम ने कांग्रेस पर साधा निशाना

उन्होंने आगे कहा कि इंडी गठबंधन की दूसरी योजना तो और भी खतरनाक है और भारत के संविधान की भावना के विरुद्ध है। वह (कांग्रेस) धर्म के आधार पर आरक्षण लाना चाहते हैं। कांग्रेस ने कर्नाटक में एक मॉडल बनाया है। उन्होंने कर्नाटक में मुस्लिम समुदाय के लोगों को ओबीसी वर्ग में शामिल कर दिया। ओबीसी को संविधान ने जो 27% आरक्षण दिया है, उसमें से आरक्षण को काटकर मुस्लिमों को दे दिया। अब यही काम कांग्रेस पूरे देश में करना चाहती है।

कांग्रेस की नजर आपकी संपत्ति पर- पीएम

पीएम मोदी ने कहा कि कांग्रेस के शहजादे ने कहा है, देशभर में हर परिवार की कमाई का, प्रॉपर्टी का सर्वे करेंगे। भ्रष्टाचार करके लोगों को तबाह करने वाली कांग्रेस की बुरी नजर अब आपकी संपत्ति पर पड़ गई है। कांग्रेस आपकी संपत्ति का सर्वे कराकर आप पर विरासत टैक्स लगाएगी। यानी अब आप अपनी संपत्ति अपने बच्चों को नहीं दे पाएंगे। कांग्रेस सत्ता में आई तो वह आपकी संपत्ति का आधे से अधिक हड़प लेगी।

नीतीश कुमार ने मुंगेरवासियों से की अपील

इस दौरान मंच पर बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पीएम मोदी के साथ नजर आए। नीतीश कुमार ने संबोधन के दौरान कहा कि मुंगेर जिले में बहुत काम हुआ है। शिक्षा, स्वास्थय, सड़क बिजली पानी का काम हुआ है। यहां से ललन सिंह उम्मीदवार हैं। सारा काम हमने किया है। जाति के आधार पर वोट के चक्कर में उम्मीदवार (RJD नेता कुमारी अनीता) बनाया गया है। जाति के आधार पर एक वोट नहीं देना चाहिए, काम के आधार पर वोट देना चाहिए। बिहार में हमें मौका मिला है हमने अपने किसी परिवार को आगे नहीं किया। कुछ लोग अपने परिवार के लिए सबकुछ करते रहते हैं।

Created On :   26 April 2024 11:02 AM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story