Rohini Acharya on PM Modi Video: PM मोदी के वीडियो मैसेज पर रोहिणी आचार्य ने ली चुटकी, कहा - 'जरूर मोदी जी…'

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार रात को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम पर एक वीडियो मैसेज पोस्ट किया। इसमें उन्होंने जंतर मंतर पर प्रदर्शन के दौरान कुछ बच्चों द्वारा उन्हें गाली देने पर चर्चा की थी। पीएम मोदी ने कहा था कि उन्होंने गाली देने वाले बच्चों को माफ कर दिया है। हाल के दिनों में पीएम मोदी कई बार वीडियो जारी कर अपनी बात रख चुके हैं। इस बीच उनके माफी वाले वीडियो पर रोहिणी आचार्य ने तंज कसा है।
एक्स पर रोहिणी आचार्य ने पीएम पर साधा निशाना
सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर रोहिणी आचार्य ने एक वीडियो पोस्ट किया है। इसमें उन्होंने लिखा, "मोदी जी का घिसा-पिटा राग… घड़ियाली आंसू और विक्टिम कार्ड…। जरूर मोदी जी पहले किसी नाटक-ड्रामा मंडली में काम करते थे!"
पीएम मोदी पर चुटकी लेते हुए रोहिणी आचार्य ने कहा कि पहले खुद कभी माफ नहीं किए जाने वाले गुनाह करते हैं और फिर अपने गुनाहों पर पर्दा डालने के लिए घड़ियाली आंसू बहाते हुए, 'विक्टिम कार्ड' खेलते हुए खुद को पीड़ित के तौर पर देश के सामने पेश करते हैं। मोदी जी पहले एक हास्यास्पद पटकथा खुद लिखते हैं, फिर सोशल मीडिया पर पीड़ित की भूमिका निभाने आ जाते हैं। लगता है अब मोदी जी के पास भावनात्मक अभिनय करने के सिवा कहने-करने को कुछ बचा नहीं है!!"
यह भी पढ़े -'दूसरों की भी मांएं हैं', राज ठाकरे ने पीएम मोदी से भाजपा की ट्रोल कल्चर पर लगाम लगाने की अपील की
रोहिणी ने पोस्ट किया दूसरा वीडियो
रोहिणी आचार्य ने अपने एक दूसरे एक्स पोस्ट में भी प्रधानमंत्री का जिक्र करते हुए हमला बोला है। उन्होंने कहा, "बच्चे मोदी जी से माफी मांग नहीं रहे, फिर भी मोदी जी खुद को बड़े दिल वाला साबित करने की जुगत में जुटे हैं। माफी की बेतुकी बात कर जबरन खुद का चेहरा चमकाने में लगे हैं!!"
प्रोटेस्ट का जिक्र करते हुए रोहिणी ने कहा, "मोदी जी… मांफी तो आपको मांगनी चाहिए बच्चों से, आपने अपने हक की लड़ाई लड़ रहे बच्चों पर पैलेट गन से हमला करवाया, आपने बच्चों पर एके-47 से गोलियां बरसवाईं, आपने बच्चों पर निर्ममता से लाठियां चलवाईं, आपने बच्चों पर वॉटर कैनन चलवाए, आपने बच्चों को जेल भिजवाया, आपने बच्चों पर फर्जी मुकदमे दर्ज करवाए, आपने अपने लोगों से बच्चों को देशद्रोही-आतंकवादी तक कहलवाया।"
Created On :   1 Aug 2026 10:12 PM IST












