Maharashtra Politics: संजय राउत ने एकनाथ शिंदे पर साधा निशाना, कहा- 'बेगानी शादी में ठाणे का अब्दुल्ला क्यों नाच रहा है?'

- शिवसेना (यूबीटी) के नेता संजय राउत ने एकनाथ शिंदे पर साधा निशाना
- अमित शाह को बताया एकनाथ शिंदे की पार्टी का असल मुखिया
- उद्धव और राज ठाकरे के गठबंधन पर शिंदे के बयान का भी दिया जवाब
डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। शिवसेना (यूबीटी) के वरिष्ठ नेता संजय राउत ने महाराष्ट्र के उप-मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे पर निशाना साधा है। उन्होंने कहा है कि, एकनाथ शिंदे के मुंह से जो भी भाषा आती है, वो अघोरी तांत्रिकों की भाषा है। वे अघोरी लोग हैं, जिसने तुमको जिंदगी भर पाला है, उसके बारे में तुम ऐसी भाषा का उपयोग कर रहे हो। इसके अलावा शिंदे की पार्टी के मुखिया शाह को बताया है।
संजय राउत का क्या है कहना?
संजय राउत ने एकनाथ शिंदे पर निशाना साधते हुए कहा है कि, 'दिल्ली जाकर अमित शाह के जूते चाट रहे हो, तुम तो पहले ही मरे हुए हो। बीजेपी में जाकर जो भी नई संस्कृति तुमने अपना ली है, वे इस भाषा के लायक ही नहीं है। लोकसभा में तुम मर गए थे, लेकिन विधानसभा में ईवीएम की ऑक्सीजन पर जिंदा हो गए थे।' संजय राउत ने आगे कहा कि, तुमने जो भी शब्द उद्धव ठाकरे के संदर्भ में बोले हैं, उनको नोट कर लिया गया है। इसका जवाब वैसी ही भाषा और अंदाज में दिया जाएगा।
ठाकरे गठबंधन पर एकनाथ शिंदे के बयान का जवाब
उद्धव ठाकरे और राज ठाकरे के गठबंधन के अटकलों पर एकनाथ शिंदे ने बयान दिया था। जिसको लेकर संजय राउत ने निशाना साधते हुए कहा कि, 'तुम जितने उतावले हो रहे हो, हम किसके साथ गठबंधन करेंगे ये फैसला हमारा है। तुम कौन होते हो बोलने वाले? बेगानी शादी में ठाणे का अब्दुल्ला क्यों नाच रहा है? अगर तुम्हारे पास जूते चाटने के लिए कम पड़ गए हैं, तो हम भेज देते हैं।' उन्होंने आगे कहा कि, दो दल एक ही विचारधारा के हैं, वे तय करेंगे। महाराष्ट्र की जनता को ये तय करना हुआ तो हाल बुरे हो जाएंगे।
सत्ता को लेकर संजय राउत का तंज
संजय राउत ने आगे कहा कि, राजनीति में कोई मरता नहीं है। सत्ता आज आपके पास है, कल हमारे पास हो सकती है। लोकतंत्र में बहुमत को चंचल बताया है, लोकतंत्र स्थायी बिल्कुल भी नहीं होती है।
Created On :   20 Jun 2025 2:51 PM IST