Punjab News: कैबिनेट मंत्री संजीव अरोड़ा पर ईडी का शिकंजा, AAP नेता के ठिकानों पर छापेमारी, क्या है पूरा मामला?

डिजिटल डेस्क, चंडीगढ़। पंजाब के राजनीतिक गलियारों से एक बड़ी खबर सामने आई है। पंजाब में एक बड़े उद्योगपति और राज्य के कैबिनेट मंत्री संजीव अरोड़ा के घर पर बड़ी कार्रवाई हुई है। अरोड़ा के घर और उनके करीबियों के ठिकानों पर प्रवर्तन निदेशालय (Enforcement Directorate) ने छापेमारी की। यह कार्रवाई मनी लॉन्ड्रिंग और जमीन से जुड़े मामलों की जांच के तहत की गई। टीम सुबह उनके लुधियाना स्थित घर पहुंची और सुरक्षा के लिए बाहर पुलिस बल तैनात किया गया। बताया जा रहा है कि अरोड़ा इस समय विदेश यात्रा पर हैं। इस मामले में कई शहरों में एक साथ तलाशी अभियान चलाया गया।
कई शहरों में छापेमारी
जानकारी के मुताबिक, ईडी ने लुधियाना, जालंधर, चंडीगढ़ और गुरुग्राम समेत कुल 13 जगहों पर छापे मारे। यह कार्रवाई विदेशी मुद्रा कानून (FEMA) और मनी लॉन्ड्रिंग के मामलों से जुड़ी है। अधिकारियों ने अरोड़ा के घर, ऑफिस और उनके साथ काम करने वाले लोगों के ठिकानों की जांच की। तलाशी के दौरान दस्तावेज और बैंक से जुड़े रिकॉर्ड खंगाले जा रहे हैं।
सीएम की प्रतिक्रिया
पंजाब के MLA और मंत्री संजीव अरोड़ा के घर पर ED की तलाशी के मामले में पंजाब के CM भगवंत मान ने कहा कि हाल ही में, ED ने हमारे राज्यसभा सांसद अशोक मित्तल के घर पर छापा मारा था। आज, ED संजीव अरोड़ा के घर पर छापा मार रही है। उन्होंने यहां उपचुनाव में BJP को हराया था। BJP ने 2027 के विधानसभा चुनावों की तैयारियां शुरू कर दी हैं। BJP को चुनाव लड़ने के लिए 117 लोग नहीं मिल रहे हैं। लोकतंत्र की हत्या की जा रही है। सिर्फ गैर-BJP सरकारों को ही फंसाया जा रहा है।
#WATCH | Chandigarh: On the ED conducting a search at the residence of Punjab MLA and Minister Sanjeev Arora, Punjab CM Bhagwant Mann says, " Recently, the ED raided the house of our Rajya Sabha MP Ashok Mittal... Today, ED is raiding the house of Sanjeev Arora... He had defeated… pic.twitter.com/TMi6lIJs77
— ANI (@ANI) April 17, 2026
क्या हैं आरोप
अरोड़ा की कंपनी पर जमीन के गलत इस्तेमाल, शेयर बाजार में गड़बड़ी और हवाला के जरिए पैसे लाने के आरोप हैं। जांच एजेंसी का कहना है कि कुछ पैसों को रियल एस्टेट में लगाया गया। उनके साथ जुड़े कारोबारी हेमंत सूद और चंद्रशेखर अग्रवाल के ठिकानों पर भी कार्रवाई हुई। अभी तक किसी गिरफ्तारी की पुष्टि नहीं हुई है।
क्या है पूरा मामला?
लुधियाना में दर्ज एक शिकायत और पुलिस की एफआईआर के बाद इस मामले की जांच शुरू हुई। जांच में पता चला कि पंजाब सरकार ने उद्योग बढ़ाने के लिए कुछ कंपनियों को शर्तों के साथ इंडस्ट्रियल जमीन दी थी। आरोप है कि रॉयल इंडस्ट्रीज लिमिटेड (Royal Industries Limited) ने इन नियमों का पालन नहीं किया और जमीन को गलत तरीके से बेच दिया।
इसके अलावा हैम्पटन स्काई रियल्टी लिमिटेड (Hampton Sky Realty Limited) पर आरोप है कि कंपनी ने बिना सरकारी मंजूरी के जमीन का इस्तेमाल बदल दिया। बाद में उसी जमीन पर रिहायशी प्रोजेक्ट और बिजनेस पार्क तैयार किए गए। यह भी कहा जा रहा है कि मंजूरी लेते समय कुछ जरूरी जानकारी छुपाई गई। जांच एजेंसी के अनुसार, इन गड़बड़ियों से सरकार को भारी नुकसान हुआ और कंपनियों ने इससे करोड़ों रुपये की गलत तरीके से कमाई की।
पहले भी हो चुकी है कार्रवाई
यह पहली बार नहीं है जब अरोड़ा के ठिकानों पर छापा पड़ा हो। साल 2024 में भी ईडी ने उनके यहां जांच की थी। उस समय भी जमीन से जुड़े मामलों में गड़बड़ी की बात सामने आई थी। जांच की शुरुआत लुधियाना में दर्ज एक शिकायत और पुलिस FIR के आधार पर हुई थी। एजेंसी का मानना है कि इससे सरकार को नुकसान हुआ और कंपनियों को गलत तरीके से फायदा मिला।
Created On :   17 April 2026 12:30 PM IST













