लवली वि.वि. के संस्थापक एवं कुलाधिपति: आप के राज्यसभा सांसद अशोक मित्तल और उनके बेटे के कई ठिकानों पर ईडी की रेड, CM मान ने बीजेपी पर साधा निशाना

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। पंजाब से आम आदमी पार्टी के राज्यसभा सदस्य अशोक मित्तल और उनके बेटे के ठिकानों पर ईडी ने रेड मारी। जहां छापेमारी की जा रही है उनमें घर, फॉर्महाउस और ऑफिस शामिल है।
ईडी की टीमें लवली प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी में भी पहुंची है, जहां जांच की जा रही है। बताया जा रहा है कि विश्वविद्यालय के फंड से जुड़े कुछ केस में अनियमितताओं के संकेत मिले हैं। मिली जानकारी के अनुसार जांच एजेंसी ने गुरुग्राम, पंजाब और जालंधर समेत 8 से अधिक ठिकानों पर एक साथ छापेमारी की। यह कार्रवाई फंड से जुड़ी कथित गड़बड़ियों के आरोपों को लेकर की जा रही है।
आपको बता दें अशोक मित्तल आप के राज्यसभा सांसद हैं और लवली प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी के संस्थापक एवं कुलाधिपति भी हैं। ईडी की यह रेड ऐसे समय पर हुई है जब कुछ दिन पहले ही में उन्हें पार्टी में एक बड़ी जिम्मेदारी सौंपी है। अप्रैल महीने की 2 तारीख को आम आदमी पार्टी ने राघव चड्ढा की जगह अशोक मित्तल को राज्यसभा में पार्टी का नया उपनेता नियुक्त किया था। आप के इस बदलाव को पार्टी ने राज्यसभा सचिवालय को पत्र लिखकर ऑफिसियल रूप से लागू किया था।
पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने ईडी रेड को लेकर सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक पोस्ट साझा करते हुए बीजेपी पर निशाना साधा। सीएम मान ने एक्स पर लिखा भाजपा द्वारा पंजाब चुनाव की तैयारी शुरू… आम आदमी पार्टी के राज्यसभा सांसद अशोक मित्तल के घर और यूनिवर्सिटी में ईडी की रेड…टिपिकल मोदी स्टाइल। हम वो पत्ते नहीं, जो शाख से टूट कर गिर जाएंगे। आंधियों को कह दो अपनी औकात में रहें।
Created On :   15 April 2026 12:14 PM IST





