महिला आरक्षण बिल: सत्ता पक्ष और विपक्ष ने एक दूसरे पर साधा निशाना, जल्द लागू करने पर सभी दल एक साथ

सत्ता पक्ष और विपक्ष ने एक दूसरे पर साधा निशाना, जल्द लागू करने पर सभी दल एक साथ
महिला सशक्तिकरण के लिए बहुत बड़ा और ऐतिहासिक कदम महिला आरक्षण बिल

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। महिला आरक्षण बिल पर उत्तरप्रदेश से सपा सांसद इकरा हसन ने कहा यह बहुत जरूरी है क्योंकि यह बहुत पहले पास हो गया था, लेकिन इसे लागू करने का कोई रोडमैप नहीं था। एक महिला होने के नाते, मैं इसका स्वागत करती हूं और यह बिल जल्द से जल्द लागू होना चाहिए।

RJD सांसद मीसा भारती ने कहा अब देखते हैं प्रधानमंत्री सर्वदलीय बैठक में सभी पार्टियों को सारी जानकारी देते हैं या नहीं, बैठक के बाद ही हम अपनी प्रतिक्रिया दे पाएंगे। महिला आरक्षण बिल पर उन्होंने कहा मैंने सुना है कि यह इस शुक्रवार तक आएगा, मुझे लगता है कि बंगाल चुनाव को देखते हुए यह बिल लाया जा रहा है।

बीजेपी विधायक मैथिली ठाकुर ने महिला आरक्षण विधेयक पर कहा यह महिला सशक्तिकरण के लिए बहुत बड़ा और ऐतिहासिक कदम होने वाला है क्योंकि आधी आबादी को और अच्छे से प्रतिनिधित्व मिलेगा, महिला सशक्तिकरण का प्रमाण हमें सदन में देखने को मिलेगा, महिलाओं को बड़ी ताकत दी जाएगी, भविष्य में बहुत बड़ा बदलाव आने वाला है। उन्होंने आगे कहा NDA बहुत मजबूत है। सब मिलकर जो भी निर्णय लेंगे हम उसका समर्थन करेंगे। जो भी CM बनते हैं हम उनका नेतृत्व स्वीकार करके बिहार के विकास के लिए काम करेंगे।

कांग्रेस सांसद इमरान मसूद ने महिला आरक्षण बिल पर कहा मेरा मानना ​​है कि अभी इस पर कुछ कहना जल्दबाजी होगी। पहले उन्हें यह तय करना चाहिए कि वे क्या लाना चाहते हैं। क्या आरक्षण सिस्टम होगा? आरक्षण कैसे दिया जाएगा? उसके बाद ही यह तय होगा।

भाजपा सांसद दिनेश शर्मा ने महिला आरक्षण बिल पर कहा भारत की 50% आबादी का सदुपयोग करना प्रधानमंत्री मोदी की कल्पना है, महिला सशक्तिकरण और महिला जागरण के द्वारा विकसित भारत की कल्पना को पूर्ण करने के लिए यह एक अच्छा कदम है।

AAP सांसद संजय सिंह ने महिला आरक्षण बिल पर कहा भाजपा जनगणना से भाग रहे हैं। 2011 की जनगणना के आधार पर 2029 में चुनाव कैसे हो सकता है? हर 10 साल में जनगणना होनी चाहिए लेकिन आप जनगणना से भागते हैं। आप जातीय गनगणना से भागते हैं।

भाजपा सांसद कमलजीत सहरावत ने महिला आरक्षण बिल पर कहा जब से प्रधानमंत्री मोदी ने अपना पदभार संभाला है तभी से बेटियों और महिलाओं को लेकर उन्हें विशेष चिंता रही है,यह बिल महिलाओं के लिए मील का पत्थर साबित होगा, प्रधानमंत्री मोदी का इसके लिए बहुत-बहुत धन्यवाद।

Created On :   24 March 2026 4:45 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story