वर्सोवा-बांद्रा सी लिंक आज से कहलाएगा वीर सावरकर सेतु, मुंबई ट्रांस हार्बर लिंक को भी मिला नया नाम, शिंदे सरकार का बड़ा फैसला

वर्सोवा-बांद्रा सी लिंक आज से कहलाएगा वीर सावरकर सेतु, मुंबई ट्रांस हार्बर लिंक को भी मिला नया नाम, शिंदे सरकार का बड़ा फैसला

डिजिटल डेस्क, मुंबई। देश में शहरों और इमारतों का नाम बदलने का सिलसिला जारी है। इस बार महाराष्ट्र की शिंदे सरकार ने बड़ा फैसला किया है। न्यूज एजेंसी एएनआई के मुताबिक, शिंदे सरकार ने मुंबई के वर्सोवा-बांद्रा सी लिंक का नाम बदल कर वीर सावरकर सेतु कर दिया है। इसके अलावा मुंबई ट्रांस हार्बर लिंक का नाम अब पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी बाजपेयी के नाम से जाना जाएगा।

दरअसल, यह फैसला बुधवार (28 जून) को राज्य कैबिनेट की बैठक में लिया गया है। प्रदेश के सीएम एकनाथ शिंदे ने नाम बदलने की घोषणा बीते महीने 28 मई को सावरकर के जन्मदिन पर की थी। उन्होंने कहा था कि, बांद्रा-वर्सोवा सी लिंक का नाम हिंदुत्व के विचारक वीर सावरकर के नाम पर किया जाएगा। इसके अलावा शिंदे ने यह भी कहा था कि केंद्र के वीरता पुरस्कार की तरह ही राज्य स्तरीय वीरता पुरस्कार का नाम भी स्वातंत्र्यवीर सावरकर के नाम पर रखा जाएगा।

सीएम शिंदे ने क्या कहा?

सीएम शिंदे ने कैबिनेट बैठक के बारे में जानकारी देते हुए कहा कि, आज की मीटिंग में हमने 40,000 करोड़ रुपये के निवेश प्रस्तावों को मंजूरी दी है। इससे 1,20,000 लोगों को सीधा रोजगार मिलेगा। कई उद्योग महाराष्ट्र में आ रहे हैं। हमारे राज्य में बहुत संभावनाएं हैं। अब महाराष्ट्र एफडीआई में फिर नंबर वन बन गया है।

इस बैठक में महाराष्ट्र के अलग-अलग हिस्सों में 700 हृदय सम्राट बाला साहेब ठाकरे क्लीनिक शुरू करने का फैसला लिया गया है। जिसके लिए 210 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है। साथ ही इस कैबिनेट बैठक में भामा आसखेड परियोजना की नहरों को रद्द करने का भी फैसला लिया गया है। जिसका सीधा लाभ तीन तालुके के किसानों को मिलेगा। सीएम शिंदे ने ट्वीट कर कैबिनेट फैसलों की पूरी जानकारी दी है।

5 लाख का हेल्थ कवर

शिंदे ने बताया कि प्रदेश में महात्मा ज्योतिराव फुले जन आरोग्य योजना और आयुष्मान भारत प्रधानमंत्री आरोग्य योजना संयुक्त रूप से लागू की जाएगी। इस योजना के तहत 2 करोड़ हेल्थ कार्ड बांटे जाएंगे, जिसके तहत 5 लाख का हेल्थ कवर मिलेगा। वहीं संजय गांधी निराधार योजना और श्रवण बाल योजना की राशि 1000 रुपये से बढ़ाकर अब 1500 रुपये कर दी गई है।

Created On :   28 Jun 2023 8:02 AM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story