UP Politics: मांट सीट पर मचा सियासी घमासान, श्याम सुंदर शर्मा की कांग्रेस में एंट्री से बढ़ी टिकट की टेंशन, RLD ने भी उठाए सवाल

डिजिटल डेस्क, लखनऊ। मथुरा की मांट विधानसभा सीट पर चुनाव से पहले राजनीति गरमा गई है। इस सीट से आठ बार विधायक रह चुके श्याम सुंदर शर्मा ने शनिवार को कांग्रेस का हाथ थाम लिया था। उनके कांग्रेस में आने के बाद चर्चा है कि पार्टी उन्हें मांट से चुनाव मैदान में उतार सकती है। हालांकि, यहां पहले से ही गठबंधन को लेकर पेंच फंसा हुआ है। समाजवादी पार्टी इस सीट पर संजय लाठर को अपना उम्मीदवार घोषित कर चुकी है। ऐसे में अब सबसे बड़ा सवाल यही है कि अगर कांग्रेस शर्मा को टिकट देना चाहती है तो क्या सपा मांट सीट छोड़ने को तैयार होगी?
यह भी पढ़े -बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल का बड़ा बयान, कहा केंद्रीय मंत्री अमित शाह ने देश में सहकारिता को दी नई दिशा
रालोद नेता ने कसा तंज
राष्ट्रीय लोकदल के प्रवक्ता और जयंत चौधरी के करीबी रोहित अग्रवाल ने श्याम सुंदर शर्मा के कांग्रेस में जाने पर तंज कसा है। उन्होंने सोशल मीडिया पोस्ट में कहा कि शर्मा का जोश और जवान होने की बात अच्छी है लेकिन मांट सीट पर मामला इतना आसान नहीं है। उनका कहना है कि अखिलेश यादव पहले ही संजय लाठर को यहां से उम्मीदवार बना चुके हैं। ऐसे में गठबंधन में टिकट किसे मिलेगा यह बड़ा सवाल है।
कांग्रेस से शुरू किया था राजनीतिक सफर
आपको बता दें कि, श्याम सुंदर शर्मा ने 1989 में कांग्रेस के टिकट पर मांट सीट से पहली बार चुनाव जीता था। इसके बाद उन्होंने कई बार इस सीट पर जीत हासिल की। बीच में उन्होंने अलग-अलग राजनीतिक दलों का साथ भी लिया। मांट सीट को लंबे समय से उनका मजबूत इलाका माना जाता है। साल 2012 में जयंत चौधरी भी यहां से विधायक चुने गए थे। हालांकि, उन्होंने बाद में विधायक पद छोड़कर सांसद बने रहने का पैसला लिया था।
Created On :   4 Oct 2026 10:33 AM IST













