UP Politics: चुनाव से पहले सपा-कांग्रेस में बढ़ी खींचतान! अखिलेश यादव बोले- ‘सीट नहीं, गठबंधन की जीत जरूरी’, BJP ने भी साधा निशाना

चुनाव से पहले सपा-कांग्रेस में बढ़ी खींचतान! अखिलेश यादव बोले- ‘सीट नहीं, गठबंधन की जीत जरूरी’, BJP ने भी साधा निशाना
सपा-कांग्रेस में सीट बंटवारे को लेकर खींचतान के बीच अखिलेश यादव ने सीटों से ज्यादा गठबंधन की जीत को जरूरी बताया है। वहीं, बीजेपी ने दोनों दलों पर जोरदार निशाना साधा है।
डिजिटल डेस्क, लखनऊ। उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव को लेकर सियासी माहौल गर्म है। समाजवादी पार्टी (सपा) और कांग्रेस के बीच सीटों के बंटवारे को लेकर खींचतान जारी है। दोनों दलों के नेताओं की तरफ से लगातार बयान भी सामने आ रहे हैं। इसी बीच सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने सीट शेयरिंग को लेकर अपनी बात साफ की है। उन्होंने कहा है कि चुनाव में सबसे जरूरी यह नहीं है कि किस पार्टी को कितनी सीटें मिलती हैं। असली लक्ष्य गठबंधन की जीत होना चाहिए। अखिलेश ने कहा कि सभी दलों को मिलकर ऐसी कोशिश करनी चाहिए जिससे बीजेपी को रोकने और गठबंधन को मजबूत बनाने में मदद मिले।

'सीट नहीं, जीत जरूरी'

अखिलेश यादव ने सोशल मीडिया पोस्ट में कहा कि गठबंधन के लिए सीटों की संख्या से ज्यादा जीत मायने रखती है। उन्होंने साफ कहा कि किस सीट पर कौन चुनाव लड़ेगा इस पर ज्यादा ध्यान देने के बजाय सभी को मिलकर जीत की तैयारी करनी चाहिए। उन्होंने लिखा कि जब लक्ष्य साफ होता है तो साथ चलना आसान हो जाता है। अखिलेश ने अपनी बात दोहराते हुए कहा कि मुद्दा सीट का नहीं, बल्कि गठबंधन की जीत का है।

बीजेपी पर भी साधा निशाना

अखिलेश यादव ने कहा कि गठबंधन की जीत केवल पार्टियों की जीत नहीं होगी। यह उन सभी लोगों की जीत होगी जो लगातार कोशिश कर रहे हैं। उन्होंने बीजेपी पर निशाना साधते हुए कहा कि यह लड़ाई सांप्रदायिकता के खिलाफ है। सपा चीफ ने लोकतंत्र, संविधान और आरक्षण की सुरक्षा की भी बात कही है। इसी के साथ ही देश में भाईचारा बढ़ाने और विकास को आगे ले जाने पर जोर दिया है। अपने पोस्ट के अंत में उन्होंने ‘जय संविधान-जय हिंदुस्तान’ लिखा।

बीजेपी ने भी किया पलटवार

वहीं, अखिलेश के बयान पर बीजेपी प्रवक्ता राकेश त्रिपाठी ने भी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा कि अब अखिलेश यादव सोशल मीडिया के जरिए अपने गठबंधन के साथियों को सलाह दे रहे हैं। त्रिपाठी ने कहा कि सपा के नेता कांग्रेस को उसकी ताकत बता रहे हैं जबकि कांग्रेस के नेता सपा पर सवाल उठा रहे हैं।

Created On :   4 Oct 2026 12:12 PM IST

Tags

Next Story