Karnataka Politics: राज्य में नई सरकार की तैयारी, शिवकुमार के शपथग्रहण से पहले सिद्धारमैया को मिली बड़ी जिम्मेदारी

राज्य में नई सरकार की तैयारी, शिवकुमार के शपथग्रहण से पहले सिद्धारमैया को मिली बड़ी जिम्मेदारी
कर्नाटक में डीके शिवकुमार आज मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे। इससे पहले कांग्रेस ने सिद्धारमैया को सीडब्ल्यूसी सदस्य बनाया है।

डिजिटल डेस्क, बेंगलुरु। कर्नाटक में नई कांग्रेस सरकार के गठन से पहले पार्टी ने एक अहम फैसला लिया है। मुख्यमंत्री पद की शपथ लेने जा रहे डीके शिवकुमार के कार्यक्रम से पहले कांग्रेस ने पूर्व मुख्यमंत्री सिद्धारमैया को कांग्रेस वर्किंग कमेटी (सीडब्ल्यूसी) का सदस्य बना दिया है। सीडब्ल्यूसी पार्टी की सबसे महत्वपूर्ण निर्णय लेने वाली समिति मानी जाती है। कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने उनकी नियुक्ति को तुरंत प्रभाव से मंजूरी दी है। वहीं, आज शाम डीके शिवकुमार मुख्यमंत्री पद की शपथ लेने वाले हैं।

सिद्धारमैया को मिली नई जिम्मेदारी

कांग्रेस ने पूर्व मुख्यमंत्री सिद्धारमैया को पार्टी के अहम निर्णय लेने वाली संस्था सीडब्ल्यूसी में शामिल किया है। पार्टी का मानना है कि उनके एक्सपीरिएंस का फायदा संगठन को मिलेगा। यह फैसला डीके शिवकुमार के शपथ ग्रहण से ठीक पहले लिया गया है, जिससे राजनीतिक हलकों में इसकी काफी चर्चा हो रही है।

डीके शिवकुमार आज लेंगे मुख्यमंत्री पद की शपथ

आपको बता दें कि, 64 वर्षीय डीके शिवकुमार आज कर्नाटक के नए मुख्यमंत्री के रूप में शपथ लेंगे। उनके साथ करीब 10 विधायक और नेता भी मंत्री पद की शपथ ले सकते हैं। समारोह में कांग्रेस नेता राहुल गांधी और पार्टी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे भी मौजूद रहेंगे। मंत्रिमंडल में कुछ युवा नेताओं को जगह मिलने की संभावना है।

जातीय और सामाजिक संतुलन पर कांग्रेस का फोकस

नई कैबिनेट बनाते समय कांग्रेस अलग-अलग समुदायों को प्रतिनिधित्व देने की कोशिश कर रही है। लिंगायत, दलित, वोक्कालिगा, मुस्लिम, अनुसूचित जनजाति और अन्य वर्गों के नेताओं को मंत्रिमंडल में शामिल करने पर जोर दिया जा रहा है। वहीं, कुछ मौजूदा मंत्रियों को इस बार मौका नहीं मिलने की भी संभावना जताई जा रही है। जल्द ही राज्य कांग्रेस अध्यक्ष और उपमुख्यमंत्री पद को लेकर भी फैसले हो सकते हैं।

Created On :  

Tags

Next Story