UP Politics: सपा-कांग्रेस गठबंधन को लेकर कांग्रेस नेता इमरान मसूद का बयान आया सामने, कहा - 'हम भिखारी नहीं हैं'

- कांग्रेस सांसद इमरान मसूद ने दिया बड़ा बयान
- इमरान मसूद ने सपा-कांग्रेस गठबंधन को लेकर दिया बयान
- इमरान मसूद ने बताया क्या है पार्टी का मन
डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। उत्तर प्रदेश में 2027 में विधानसभा चुनावों को लेकर अभी से ही सियासत तेज है। यूपी विधानसभा चुनाव में कांग्रेस-सपा के गठबंधन को लेकर भी अटकलें लगाई जा रही हैं। इस पर कांग्रेस नेता और सांसद इमरान मसूद ने चुनावों को लेकर बड़ा बयान दिया है। जब उनसे पूछा गया कि, 2027 के चुनावों में 2 साल बचा हुआ है और ऐसे में कांग्रेस और सपा के संगठन को किस तरह से देखा जा रहा है। इस पर कांग्रेस सांसद इमरान मसूद ने कहा कि, हम लोग अपने संगठन के काम और बूथ लेवल तक पार्टी को मजबूत करने में लगे हुए हैं।
कांग्रेस सांसद ने क्या कहा?
कांग्रेस सांसद से पूछा गया कि, आप यूपी में कांग्रेस से गठबंधन का फॉर्मूला चाहते हैं। इसको लेकर ही इमरान मसूद ने कहा कि, गठबंधन का फॉर्मूला पार्टी तय करती है लेकिन जो फॉर्मूला लोकसभा में अपनाया गया था उस पर तो निश्चित तौर पर काम नहीं होगा। कांग्रेस के कार्यकर्ताओं की इच्छा चुनाव लड़ने की है और हमारे पास नेताओं की बिल्कुल भी कमी नहीं है।
इमरान मसूद से पूछा गया कि, आप चाहते हैं कि सपा आपकी पार्टी को ज्यादा टिकट दे? इस पर इमरान मसूद ने कहा कि, 'मैं सपा से क्यों चाहूंगा? मैं अपनी पार्टी से कहुंगा। सपा से हम क्यों मांगे टिकट हम कोई भिखारी हैं जो भीख मांगेगे।'
हमारे नेताओं की भी महत्वकांक्षाएं हैं- इमरान मसूद
इमरान मसूद ने आगे कहा कि, हमारे पार्टी के जो नेता और कार्यकर्ता हैं उनकी भी कुछ महत्वकांक्षाएं हैं। हम उनकी इच्छाओं का दमन नहीं कर सकते हैं। हमें उनकी भी इच्छाओं का सम्मान करना होगा। गठबंधन का फैसला पार्टी का है कि किस तरह का गठबंधन होगा। लेकिन मैं पार्टी के नेताओं और कार्यकर्ताओं की इच्छा का सम्मान करता हूं।
Created On :   27 May 2025 5:51 PM IST