चुनाव 2024: 'लड़ाई मोदी और BJP से नहीं, संविधान और लोकतंत्र को जिंदा रखने के लिए..' चुनाव से पहले खरगे का बड़ा बयान

लड़ाई मोदी और BJP से नहीं, संविधान और लोकतंत्र को जिंदा रखने के लिए.. चुनाव से पहले खरगे का बड़ा बयान
  • खरगे ने पीएम मोदी पर लगाए कई बड़े आरोप
  • 'BJP की वाशिंग मशीन' में पाप धुलते हैं- खरगे
  • BJP दोबारा सरकार में आई तो देश में चुनाव नहीं होंगे- खरगे

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने रविवार को डॉ भीमराव अंबेडकर की जयंती के मौके पर नागपुर में मौजूद दीक्षाभूमि पहुंचे। जहां उन्होंने बाबासाहेब की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर नमन किया। इसके बाद उन्होंने एक जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि बाबासाहेब कहते थे- शिक्षित बनो, संगठित रहो और संघर्ष करो। इस मंत्र को केवल भारतीय संविधान आगे ले जा सकता है, जिसे बचाने की हम लड़ाई लड़ रहे हैं। हमारी लड़ाई मोदी, BJP से नहीं है बल्कि इस देश के संविधान को बचाने और लोकतंत्र को कायम रखने के लिए है। हम चाहते हैं कि सभी को समान स्थान मिले, सभी एकसाथ रहें।

मोदी सरकार पर बड़ा आरोप

जनसभा को संबोधित करते हुए कहा खरगे ने कहा कि बाबासाहेब के द्वारा संविधान देने से पहले लोगों के पास अधिकार नहीं थे। महिलाओं, गरीबों, मजदूरों को वोटिंग का अधिकार नहीं था। संविधान बना तो महिला-पुरुष सभी को बराबर का हक मिला। हर व्यक्ति के वोट की एक कीमत हुई। ये सब आपको तब मिला, जब देश की आजादी के बाद संविधान बना।

खरगे ने आगे कहा कि नरेंद्र मोदी ने जनता को धोखा दिया है, उन्होंने कहा था- हर साल 2 करोड़ नौकरियां दूंगा, विदेशों से काला धन लाऊंगा, सभी के बैंक खाते में 15-15 लाख डालूंगा, किसानों की आमदनी दोगुनी करूंगा। लेकिन इन वादों में एक भी काम पूरा नहीं हुआ।

कांग्रेस नेता ने कहा कि जब तक नेता विपक्ष में रहते हैं, मोदी सरकार उन पर भ्रष्टाचार का आरोप लगाती है। लेकिन जैसे ही वे 'BJP की वाशिंग मशीन' में जाते हैं, साफ हो जाते हैं।

आरएसएस पर बड़ा आरोप

कांग्रेस नेता खरगे ने कहा कि जहां एक तरफ कांग्रेस देश की आजादी के लिए लड़ी, बलिदान दिए। वहीं दूसरी तरफ RSS के लोग अंग्रेजों के यहां नौकरी किया करते थे। RSS के दफ्तर में देश का तिरंगा और बाबासाहेब अंबेडकर की फोटो तक नहीं लगती थी।

खरगे ने आगे कहा कि अगर BJP दोबारा सरकार में आई तो देश में चुनाव नहीं होंगे। ये लोकतंत्र और संविधान को ख़त्म कर देंगे। इसलिए हमें संविधान को बचाने के लिए इस चुनाव में साथ आना होगा।

दलित लोगों को मंदिर में घुसने नहीं दिया- खरगे

कांग्रेस नेता ने कहा, "नरेंद्र मोदी कहते हैं- हमने कांग्रेस को राम मंदिर की प्राण प्रतिष्ठा का निमंत्रण दिया था। वे हमें कहते हैं हम राम के खिलाफ हैं। मैं अगर उसी दिन कह देता तो इज्जत न बचती। मुझे छोड़ो, मेरे लोगों के साथ आज तक भेदभाव होता है। क्या उन्हें साथ पानी पीने देते हैं? स्कूल में आने देते हैं? जब तक मेरे लोगों को हर मंदिर में जाने का अधिकार नहीं मिल जाता, मैं अकेला नहीं जा सकता। दलित समाज के लोगों को मंदिर में घुसने नहीं दिया जाता, आप उन्हें अपने नजदीक भी नहीं आने देते, उनकी परछाई से भी दूर रहते हैं। हमको आप बुरा भला कहते हो, शंकराचार्य भी वहां नहीं गए। आप उन्हें कुछ नहीं कह पाते।"

खरगे ने कहा, "मेरा छोड़िये मोदी जी...आप(पीएम मोदी) नई संसद के शिलान्यास में राष्ट्रपति कोविंद को क्यों लेकर नहीं गए? नई संसद के उद्घाटन में आदिवासी महिला राष्ट्रपति को क्यों नहीं बुलाया? उन्हें राम मंदिर के उद्घाटन से भी दूर रखा। मोदी आपने दलित-आदिवासी राष्ट्रपतियों का अपमान किया और आप हमें सिखा रहे हैं। वोटों के लिए ये खेल मत खेलो, बंद करो!

Created On :   14 April 2024 5:57 PM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story