लोकसभा चुनाव 2024: केजरीवाल को जेल में मारने की हो रही साजिश, इंडिया गठबंधन की रैली में सुनीता केजरीवाल ने लगाया आरोप

केजरीवाल को जेल में मारने की हो रही साजिश, इंडिया गठबंधन की रैली में सुनीता केजरीवाल ने लगाया आरोप
  • झारखंड के रांची में आयोजित हुई इंडिया गठबंधन की महारैली
  • सुनीता केजरीवाल ने किया रैली को संबोधित
  • पति अरविंद केजरीवाल की मौत की साजिश रचने का लगाया आरोप

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। रविवार को झारखंड के रांची में विपक्षी गठबंधन इंडिया की 'उलगुलान न्याय महारैली' आयोजित हुई। इस रैली में आप सुप्रीमो और दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल की पत्नी सुनीता केजरीवाल ने केंद्र की मोदी सरकार पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने बीजेपी नेताओं पर जेल में बंद अरविंद केजरीवाल को मारने की साजिश का आरोप लगाते हुए कहा कि सीएम केजरीवाल की हत्या की साजिश हो रही है, उन्हें दवा की सही खुराक नहीं दी जा रही है।

सुनीता केजरीवाल ने सवाल उठाते हुए कहा कि मैं पूछती हूं कि मेरे पति की गलती क्या थी? उन्हें जेल क्यों भेजा गया है? उन्होंने दिल्ली में अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन किया है। अरविंद केजरीवाल और हेमंत सोरेन को जेल में डाल दिया गया। यह सरकार की तानाशाही को दर्शाता है। केजरीवाल का देष बस इतना था कि उन्होंने सरकारी स्कूलों की दशा सुधारी, शिक्षा व्यवस्था अच्छी की, मोहल्ला क्लिनिक बनाई, स्वास्थ्य सेवाएं पहले से बेहतर कीं।

सुनीता केजरीवाल ने कहा कि केजरीवाल में देशभक्ति कूट-कूट कर भरी हुई है। आईआईटी पास आउट होने के बाद उनके सभी दोस्त नौकरी करने देश से बाहर चले गए। लेकिन वो नहीं गए, उन्हें जनसेवा करनी थी।

इसके साथ ही उन्होंने शादी के बाद केजरीवाल द्वारा उनसे किए गए आग्रह का खुलासा किया। उन्होंने बताया कि शादी के बाद अरविंद केजरीवाल ने उनसे पहला सवाल पूछते हुए कहा कि वो समाज सेवा करना चाहते हैं, इस पर उन्हें कोई आपत्ति तो नहीं है।

विपक्ष की इस महारैली ने आप सांसद संजय सिंह भी पहुंचे। इस दौरान उन्होंने कहा, "पूरे हिंदुस्तान में बाबा साहेब डॉ भीम राव अंबेडकर का संविधान चलता है और भारत तथा हम सब लोग उनके संविधान को मानते हैं। लेकिन बीजेपी नागपुर के संविधान को मानते हैं। नागपुर का संविधान कहता है कि दलितों का आरक्षण खत्म करो, आदिवासियों का आरक्षण खत्म करो, पिछड़ों का आरक्षण खत्म करो, चुनाव खत्म करो। मैं आपसे कहना चाहता हूं कि ये अंतिम चुनाव है और इस बार चुनाव में इनको हराने का काम करना और कहना कि हम देश का संविधना नहीं बदलने देंगे।"

Created On :   21 April 2024 1:18 PM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story