Bengal Assembly Elections 2026: बीजेपी के आरजी कर पीड़िता की मां को उम्मीदवार बनाने पर गरमाई सियासत, टीएमसी नेता ने उठाए सवाल

डिजिटल डेस्क, कोलकाता। पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव में अब एक महीने से भी कम का समय बाकी है। ऐसे में सभी दलों अपने-अपने प्रत्याशियों की घोषणा करना शुरू कर दी है। इसी क्रम में भाजपा ने बुधवार को 19 उम्मीदवारों की तीसरी लिस्ट जारी की, जिसमें बीजेपी ने आरजी कर पीड़िता की मां को भी पानीहाटी से चुनावी मैदान में उतारा है।
'उन्होंने सम्मान खो दिया'
बीजेपी के इस कदम से सियासी बयानबाजी तेज हो गई है। सत्ताधारी दल टीएमसी के सीनियर नेता कुणाल घोष ने इस मामले पर रिएक्शन दिया है। उन्होंने वीडियो जारी कर कहा कि आरजी कर पीड़िता की मां भाजपा की प्रत्याशी बन गई हैं। इसका हम पूरा आदर करते हैं और सहानुभूति है। लेकिन उन्होंने खुद का सम्मान खो दिया है। पीड़िता के साथ हुए दुष्कर्म की हम लोगों ने निंदा की। कोलकाता पुलिस ने 24 घंटे के अंदर दोषी को गिरफ्तार किया। पीड़िता के माता-पिता ने सीबीआई जांच की मांग की थी। इस मामले पर सीबीआई की जांच हुई।
BJP की उम्मीदवार बनकर न्याय मांग रही हैं?
कुणाल घोष ने कहा कि सीबीआई ने कोलकाता पुलिस की जांच को सही ठहराया। ट्रायल कोर्ट, हाई कोर्ट, और सुप्रीम कोर्ट ने जांच को मॉनिटर किया और सही ठहराया। बाद में माता-पिता सीबीआई जांच से भी संतुष्ट नहीं थे। उन्होंने कहा कि सीबीआई किसके अंडर आता है। सीबीआई भाजपा के अधीन आता है। अब भाजपा की उम्मीदवार बन गईं।
उन्होंने कहा कि पीड़िता के माता-पिता ने राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री और गृह मंत्री से मुलाकात करने की कोशिश की थी। उन्होंने आपको एक मिनट नहीं दिया और आपका अपमान किया। आप भाजपा का उम्मीदवार बनकर न्याय की मांग कर रही हैं। एक लड़की की मौत को लेकर आप राजनीति में आ गए। उन्होंने कहा कि आपको इस सवाल का जवाब देना होगा कि आप जिस सीबीआई के खिलाफ थे, उसी पार्टी का उम्मीदवार बन गए।
Created On :   26 March 2026 12:16 AM IST












