कांग्रेस का गंभीर आरोप: टीकमगढ़ में केंद्रीय मंत्री के बंगले के पास मिले 43 वोटर आईडी, कांग्रेस ने कहा- चोरी के सबूत मिटाए जा रहे

डिजिटल डेस्क, भोपाल। मध्य प्रदेश की विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष और कांग्रेस के वरिष्ठ नेता उमंग सिंघार ने शुक्रवार को वोट चोरी मामले पर कहा कि टीकमगढ़ जिले में एक केंद्रीय मंत्री के बंगले के पास से 43 वोटर आईडी बरामद हुए। यह हमारे आरोपों की पुष्टि करता है। सिंघार ने कहा कि कांग्रेस के खुलासे के बाद भाजपा में हड़कंप है। चोरी के सबूत मिटाए जा रहे हैं। चुनाव आयोग ने टीकमगढ़ की घटना पर आंख बंद कर रखी है। प्रदेश के अलग-अलग जिलों से लगातार अनियमितताओं और शिकायतों की खबरें आ रही हैं।
नकली खाद-बीज दिए जाने पर सिंघार का बयान
सिंघार ने किसानों को नकली खाद-बीज दिए जाने पर कहा कि प्रदेशभर में किसान नकली खाद-बीज माफियाओं के शिकार हो रहे हैं। फसलें चौपट हो रही हैं और सरकार माफियाओं के साथ खड़ी है। किसान खेत में रो रहा है और सरकार सत्ता के नशे में सो रही है। उन्होंने कहा जब केंद्रीय कृषि मंत्री अपने ही घर की जमीन और किसानों की फसल सुरक्षित नहीं रख पाए तो पूरे देश के किसानों की रक्षा कैसे करेंगे। सरकार कभी प्रदेश के किसानों और जनता के हित में नहीं सोच सकती। सिंघार ने रिक्त पदों को लेकर कहा कि 17 सरकारी विश्वविद्यालयों में 74% सहायक प्राध्यापक पद रिक्त हैं। 5 विश्वविद्यालयों में एक भी प्राध्यापक नहीं है। युवाओं का भविष्य भगवान भरोसे है।
Created On :   23 Aug 2025 4:27 PM IST