लोकसभा चुनाव 2024: पांढुर्ना पहुंचे केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने कई मुद्दों पर कांग्रेस व विपक्ष को घेरा, मोदी की गारंटी पर रखी बेबाक राय

पांढुर्ना पहुंचे केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने कई मुद्दों पर कांग्रेस व विपक्ष को घेरा, मोदी की गारंटी पर रखी बेबाक राय
  • केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने कांग्रेस पर साधा निशाना
  • कांग्रेस सांसद पर जमकर किया वार
  • कहा - सांसद छिंदवाड़ा को पिकनिक स्पॉट समझते है

डिजिटल डेस्क, छिंदवाड़ा। शनिवार को पांढुर्ना पहुंचे केन्द्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने प्रेसवार्ता में मोदी सरकार की उपलब्धियां गिनाई। पत्रकारों से चर्चा करते हुए उन्होंने कहा कि मोदी सरकार ने देश और देश के हर व्यक्ति को आत्मनिर्भर बनाया है। उन्होंने जातिवाद और परिवारवाद पर बोलते हुए कांग्रेस को तुष्टीकरण करने वाली पार्टी बताया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस का राम प्रेम छलावा है। श्रीराममंदिर या श्रीराम जन्मभूमि का नाम लेने पर कांग्रेस दूर भागती है। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार देशवासियों की उम्मीदों पर खरा उतरेंगी, यह मोदी की गारंटी है।

सांसद का नही खुला डिबेट में खाता

क्षेत्रीय सांसद नकुलनाथ पर बोलते हुए अनुराग ठाकुर ने कहा कि बीते पांच साल में सांसद का लोकसभा की डिबेट में खाता नही खुल सका है। कई महत्वपूर्ण बिलों और बजट पर उन्होंने चर्चा नही की। कभी उन्होंने अपने संसदीय क्षेत्र के विकास के लिए लोकसभा में आवाज नही उठाई। ऐसे सांसद का क्या फायदा। सांसद कहते है कि अभी आप मेहनत करों, बाकी के पांच साल एंजॉय है। यह सांसद छिंदवाड़ा को पिकनिक स्पॉट समझते है। पर अबकी बार जनता समझ चुकी है, कि किसे सांसद चुनना है।

सांसद ने किया आदिवासियों का अपमान

अनुराग ठाकुर ने कहा कि सांसद नकुलनाथ ने आदिवासियों का अपमान किया है। जब आदिवासियों की जीत भुनाने की बात थी तो उन्होंने आदिवासी विधायक और मेयर की जीत का श्रेय लिया। जब वे भाजपा में शामिल हुए तो सांसद ने उन्हें गद्दार कहा। जबकि मोदी सरकार ने सबसे ज्यादा भगवान बिरसा मुंडा को याद किया। जनजातीय गौरव दिवस मनाने की शुरूआत की। मोदी सरकार में सबसे ज्यादा एससी-एसटी वर्ग के मंत्री शामिल है। साथ ही एकलव्य स्कूलों के संचालन के लिए सरकार ने 34 हजार करोड़ का बजट भी पारित किया है।

भाजपा ने ही दीं पांढुर्ना को जिले की सौगात

पांढुर्ना जिले पर बात करते हुए अनुराग ठाकुर ने कहा कि भाजपा सरकार में मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान ने ही पांढुर्ना को जिले की सौगात दी है। पांढुर्ना जिले के ही जामसांवली में हनुमान लोक बनाने का काम जारी है। हनुमान लोक बनने से क्षेत्र का विकास तेजी से बढ़ेगा। क्योंकि इससे सड़क, रेल और अन्य यातायात साधन तेजी से बढ़ेगे। उन्होंने उज्जैन में महाकाल लोक बनने से उज्जैन क्षेत्र का विकास तेजी से होने की बात कही।

केजरीवाल को बताया सबसे बेईमान सीएम

अनुराग ठाकुर ने भ्रष्टाचार के खिलाफ आवाज उठाने वाली आम आदमी पार्टी को सबसे भ्रष्ट पार्टी और अरविंद केजरीवाल को सबसे बेईमान मुख्यमंत्री बताया। उन्होंने कहा कि अरविंद केजरीवाल लाखों करोड़ के शराब घोटाले में जेल में हैं। यहीं नही इनकी सरकार के उपमुख्यमंत्री, शिक्षा मंत्री, स्वास्थ्य मंत्री शराब के लाखों करोड़ रूपए के घोटाले के मामलों में संलिप्त पाए जाने के चलते जेल की सलाखों के पीछे है।

भाजपा ने संविधान को सर्वोपरी मानकर सबका साथ-सबका विकास किया

अनुराग ठाकुर ने संविधान हटाए जाने की बात पर कहा कि डॉ. भीमराव आंबेडकर की भारत के संविधान को लिखने और भारत को संविधान देने में बहुत अहम भूमिका है। भाजपा की मोदी सरकार संविधान के अनुसार देश चला रही है। संविधान को सर्वोपरी मानकर मोदी सरकार ने सबका साथ-सबका विकास को आगे बढ़ाया। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी के पूर्वजों ने को यह मंजूर नहीं था कि अनुसूचित जाति परिवार का व्यक्ति बढ़कर आगे आए। मोदी सरकार डॉ.भीमराव आंबेडकर और इनके द्वारा निर्मित संविधान का पालन और सम्मान करती है। जबकि कांग्रेस ने 62 बार संविधान का बदलने का प्रयास किया।

मोदी सरकार की योजनाएं गिनाई

प्रेसवार्ता में अनुराग ठाकुर ने मोदी सरकार की योजनाओं पर बात कही। उन्होंने कहा कि मोदी सरकार ने 4 करोड़ पक्के मकान दिए, 12 करोड़ शौचालय बनवाए, 13 करोड़ घरों में नल से जल पहुंचाया, 10 करोड़ घरों की बहनों को रसोई गैस दिलाई, 60 करोड़ लोगों को मुफ्त इलाज दिलाया और 80 करोड़ लोगों को अनाज दिया। अब और पांच साल अनाज की गारंटी भी मोदी सरकार ने दी है।

Created On :   13 April 2024 3:45 PM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story