चुनाव 2024: विक्रमादित्य सिंह ने कंगना रनौत को कांग्रेस के खिलाफ सोच समझकर बोलने को कहा, जानिए पूरा मामला

विक्रमादित्य सिंह ने कंगना रनौत को कांग्रेस के खिलाफ सोच समझकर बोलने को कहा, जानिए पूरा मामला
  • सही तरीके से बयानबाजी करें कंगना- विक्रमादित्य सिंह
  • मंडी से चुनाव लड़ सकते हैं विक्रमादित्य सिंह
  • कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष प्रतिभा सिंह ने दिए संकेत

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। हिमाचल प्रदेश के कांग्रेस नेता विक्रमादित्य सिंह ने मंडी से बीजपी प्रत्याशी कंगना रनौत पर निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि भाजपा की मंडी से प्रत्याशी कंगना आज मनाली में थी, एक कार्यक्रम में उन्होंने कांग्रेस के लिए जिस शब्दावली का प्रयोग किया है ऐसी भाषा शैली का इस्तेमाल आज तक हिमाचल जैसी पवित्र धरती पर नहीं हुआ होगा। उन्होंने इस शब्दावली की जगह मनाली के मुद्दों की बात करनी चाहिए थी।

हिमाचल प्रदेश सरकार में मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने कहा कि कुछ दिन पहले मनाली में सदी की सबसे बड़ी आपदा आई थी। क्या आप एक दिन भी आपदा के समय मनाली में आई? आप मुंबई में क्या खाती हैं, क्या पीती हैं, ये हिमाचल प्रदेश के मुद्दे नहीं हैं। आप मंडी के लिए क्या करना चाहती हैं इसपर बात करें।

बता दें कि, मंडी से बीजेपी उम्मीदवार कंगना रनौत लगातार कांग्रेस पर हमला कर रही है। उनके बयान पर कई कांग्रेसी नेताओं ने प्रतिक्रिया दी है। ऐसे में अब विक्रमादित्य सिंह ने भी कंगना रनौत को सोच समझकर बयानबाजी करने को कहा है।

मंडी से चुनाव लड़ सकते हैं विक्रमादित्य सिंह

हिमाचल प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह और कांग्रेस की प्रदेश अध्यक्ष प्रतिभा सिंह के बेटे विक्रमादित्य सिंह कंगना रनौत के खिलाफ मैदान में उतर सकते हैं। सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक, सुक्खू सरकार में मंत्री विक्रमादित्य सिंह को कांग्रेस हिमाचल के मंडी लोकसभा सीट का उम्मीदवार बनाने के तैयारी में है। हालांकि, मौजूदा समय में विक्रमादित्य सिंह विधायक और सुक्खू सरकार में मंत्री हैं। वहीं, सोमवार को उनकी मां प्रतिभा सिंह ने मंडी सीट से लोकसभा चुनाव लड़ने से इनकार कर दिया। उनका कहना है कि विक्रमादित्य एक युवा चेहरा है और युवाओं को वह बेहतर समझ सकते हैं। इस बार वह अपने बेटे को उम्मीदवार के तौर पर देखना चाहती हैं। हालांकि, इस मसले पर अंतिम फैसला आलाकमान लेंगे।

1 जून को होंगे चुनाव

हिमाचल में कुल चार लोकसभा की सीटें हैं, इनमें हमीरपुर, मंडी, शिमला, कागड़ा सीट शामिल हैं। 1 जून को यानी अंतिम चरण में मंडी सीट पर चुनाव होने हैं। बता दें कि 2019 के लोकसभा चुनाव में बीजेपी ने हिमाचल प्रदेश की सभी सीटों पर जीत दर्ज की थी। मंडी से बीजेपी नेता रामस्वरूप शर्मा ने चुनाव जीता था। कांग्रेस के आश्रय शर्मा को हार का सामना करना पड़ा था। लेकिन 2021 में उनकी मौत हो गई। इसके बाद इस सीट पर उपचुनाव हुए। कांग्रेस को जीत मिली थी।

Created On :   11 April 2024 4:18 PM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story