भोपाल में पीएम मोदी: 25 सितंबर को फिर भोपाल आएंगे नरेंद्र मोदी, लाखों कार्यकर्ताओं को करेंगे संबोधित

25 सितंबर को फिर भोपाल आएंगे नरेंद्र मोदी, लाखों कार्यकर्ताओं को करेंगे संबोधित
  • प्रेस कॉन्फ्रेंस पर बोले बीजेपी के दिग्गज नेता
  • सीएम शिवराज सिंह ने कहा फिर बनाएंगे सरकार

डिजिटल डेस्क,भोपाल। बीजेपी भोपाल में 25 सितंबर को कार्यकर्ता महाकुंभ आयोजित करने वाली है। इस कार्यकर्ता महाकुंभ में लाखों कार्यकर्ताओं को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी संबोधित करने वाले हैं। उक्ताशय की जानकारी भोपाल के कुशाभाऊ ठाकरे सभागार में आयोजित प्रेस वार्ता में दी गई। प्रेसवार्ता में सीएम शिवराज सिंह चौहान,केंद्रीय मंत्री और मध्य प्रदेश चुनाव प्रबंधन समिति के संयोजक नरेंद्र सिंह तोमर के साथ ही बीजेपी के प्रदेशाध्यक्ष वीडी शर्मा मौजूद रहे।

प्रेस वार्ता के दौरान सबसे पहले 'फिर भाजपा सरकार' थीम सांग को दिखाया गया। जिसके बाद बीजेपी प्रदेशाध्यक्ष ने संबोधित करते हाल ही में संसद में पास हुए महिला आरक्षण बिल को लेकर कहा की यह पीएम मोदी की कार्यशैली का ही परिणाम है कि उन्होंने आधी आबादी के लिए नारी शक्ति वंदन अधिनियम को दोनों सदनों में पास कराने का काम किया है। शर्मा ने आगे बीजेपी द्वारा निकाली गई जन आशीर्वाद यात्रा की पूरी जानकारी देते हुए बताया कि हमने प्रदेश में इस यात्रा से 10880 किमी की दूरी तय की है। जनता ने इस यात्रा में उम्मीद से अधिक स्नेह हमें देने का काम किया। वहीं सदस्यता अभियान के तहत 23 लाख से अधिक लोगों ने बीजेपी की सदस्यता ग्रहण की है। उन्होंने कहा कि बीजेपी अब 25 सितंबर को कार्यकर्ता महाकुंभ आयोजित करने जा रही है। इस यात्रा में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी लाखों कार्यकर्ता को संबोधित करेंगे।

केंद्रीय मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर बोले-फिर बनेगी डबल इंजन सरकार

केंद्रीय मंत्री और मध्य प्रदेश चुनाव प्रबंधन समिति के संयोजक नरेंद्र सिंह तोमर ने कहा की 25 सितंबर को पंडित दीनदयाल उपाध्याय की जयंती है। उनकी जयंती के अवसर पर आयोजित किया जाने वाला कार्यकर्ता महाकुंभ विधानसभा चुनाव में मील का पत्थर साबित होगा। आगे तोमर ने कहा कि शिवराज सिंह चौहान की प्रदेश सरकार ने केंद्र सरकार के साथ मिलकर प्रदेश को गति देने के लिए निरंतर कार्य किया है। इसी का परिणाम है कि राज्य में 44 लाख लोगों को पीएम आवास योजना का लाभ मिल चुका है। उन्होंने आगे कहा की पीएम मोदी ने हाल ही में विश्वकर्मा जयंती के दिन विश्वकर्मा योजना लागू की है जो निश्चित रूप से कारगर साबित होगी। केंद्रीय मंत्री ने अपने संबोधन में यह भी दावा किया की प्रदेश में डबल इंजन की सरकार फिर से सरकार बनाने में सफल होगी।

जनता का आक्रोश तो कांग्रेस के खिलाफ ही है- सीएम शिवराज सिंह चौहान

सीएम शिवराज सिंह चौहान ने भी अपने संबोधन में महिला आरक्षण बिल को लेकर पीएम मोदी को धन्यवाद देते हुए कहा कि मध्यप्रदेश ही एक ऐसा राज्य है जिसने महिलाओं को लेकर सबसे बड़ा कदम उठाते हुए लाड़ली लक्ष्मी योजना लागू किया है और पुलिस भर्ती में भी महिलाओं को आरक्षण देने का काम किया है। सीएम ने आगे कहा कि लाडली बहना योजना की राशि 3000 तक की जाएगी। हमारी नीतियों का ही परिणाम है कि जन आशीर्वाद यात्रा को अभूतपूर्व सफलता मिली है।

वहीं कांग्रेस पर सवाल उठाते हुए सीएम शिवराज सिंह चौहान ने कहा कांग्रेस आक्रोश यात्रा निकाल रही है, दिग्विजय सिंह पोस्टर से गायब है तो कमलनाथ जी यात्रा से ही गायब हैं। उन्होंने आगे कहा कि जनता का आक्रोश तो कांग्रेस के ही खिलाफ है क्योंकि कांग्रेस सरकार ने बीजेपी की कई योजनाओं को बंद कराने का काम किया इसलिए जनता इनके खिलाफ आक्रोश में है।

सीएम शिवराज सिंह चौहान ने पूर्व सीएम कमलनाथ पर सवाल उठाते हुए कहा कि पीएम किसान सम्मान निधि के लिए उन्होंने किसानों की लिस्ट केंद्र सरकार को नहीं भेजी थी। कांग्रेस ने अपना वचन नहीं निभाया इसलिए जनता का आक्रोश कांग्रेस के खिलाफ है।

सीएम शिवराज सिंह चौहान ने यह भी कहा कि हमारी नीतियों और कार्यों के कारण जिस तरह से जनता का स्नेह हमें मिल रहा है हम निश्तिच रूप से सरकार बनाएंगे।

Created On :   23 Sep 2023 10:35 AM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story