Bihar Election 2025: 'इनकी सरकार बनी तो बिहार शरिया कानून से चलेगा', गिरिराज सिंह का महागठबंधन पर निशाना

डिजिटल डेस्क, पटना। सोमवार (27 अक्टूबर) को चुनाव आयोग ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर देश के 12 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेश में एसआईआर की प्रक्रिया शुरू करने का ऐलान किया। आयोग की इस घोषणा पर देश की सियासत गरमाई हुई है। सत्तापक्ष और विपक्ष के नेता इसे लेकर प्रतिक्रिया दे रहे हैं। इस बीच केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने एसआईआर के दूसरे चरण पर कहा कि बिहार में एसआईआर कराने के लिए मैं चुनाव आयोग का धन्यवाद करता हूं।
गड़बड़ी का सबूत नहीं दे सका विपक्ष
केंद्रीय मंत्री ने कहा कि राहुल गांधी और तेजस्वी यादव ने एसआईआर के नाम पर बांग्लादेशी और रोहिंग्या मुसलमानों को मतदाता सूची में दर्ज कराने का नाटक किया, लेकिन विपक्ष एक भी सबूत नहीं दे सका। वोटर लिस्ट से 65 लाख लोगों का नाम कटा, लेकिन वे लोग एक सबूत भी नहीं दे पाए। इसलिए चुनाव आयोग ने जो किया उस पर मुहर लग गई। अब 12 राज्यों में एसआईआर होना है, जो स्वागत योग्य कदम है।
..तो बिहार शरिया कानून से चलेगा
आरजेडी नेता तेजस्वी यादव पर केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने कहा कि अब लगता है कि अगर उनकी सरकार बनी तो वे यहां इस्लामी कानून लागू करेंगे। बिहार शरिया कानून से चलेगा। यह बिहार का दुर्भाग्य होगा। इन लोगों को हिंदुओं का वोट नहीं चाहिए। ये लोग वक्फ बोर्ड के बिल को रद्दी में डालने की बात करते हैं। ये धर्म की राजनीति करते हैं। अब लगता है कि अगर इनकी सरकार बनी तो यहां शरिया कानून लागू कर देंगे।
वे कभी मुस्लिम को सीएम नहीं बनाएंगे
वक्फ कानून को लेकर आरजेडी नेता तेजस्वी यादव के बयान पर केंद्रीय मंत्री ने कहा कि अगर मैं अपने मुस्लिम भाइयों से यह बात कहूंगा तो वे मेरी बात नहीं मानेंगे। आज वे लालू यादव और कांग्रेस के बंधुआ मजदूर हैं। अगर लालू यादव, तेजस्वी यादव और राहुल गांधी में हिम्मत होती तो वे घोषणा करते कि अगर 18-20% आबादी मुस्लिम है, तो कोई मुस्लिम मुख्यमंत्री बनेगा, लेकिन नहीं, मुख्यमंत्री केवल लालू यादव के परिवार से ही होगा। इसलिए वे कभी किसी मुस्लिम को मुख्यमंत्री नहीं बनाएंगे।
Created On :   28 Oct 2025 10:00 PM IST













