India vs Pakistan Hockey: एक बार फिर से भारत और पाकिस्तान का होगा आमना-सामना, भारतीय नेशनल गेम के लिए एक मैदान में दिखेंगी टीमें

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। टी20 वर्ल्ड कप 2026 में भारत और पाकिस्तान के बीच हुई रोमांचक भिड़ंत अभी लोगों के जहन में ताजा ही है, जिसमें भारत ने शानदार जीत दर्ज की थी। अब एक बार फिर से ये दोनों टीमें आमने-सामने आने वाली हैं, लेकिन इस बार मंच क्रिकेट नहीं बल्कि हॉकी का होगा।
15 से 30 अगस्त के बीच होगा मैच
बता दें, 15 अगस्त से 30 अगस्त के बीच होने वाला हॉकी वर्ल्ड कप इस बार बेल्जियम और नीदरलैंड्स में खेला जाएगा। भारत और पाकिस्तान के बीच होने वाले मुकाबले नीदरलैंड्स में आयोजित किए जाएंगे। दोनों टीमों को पुरुष वर्ग के पूल डी में रखा गया है, जहां उनके साथ इंग्लैंड और वेल्स की टीमें भी शामिल हैं। ऐसे में यह ग्रुप काफी प्रतिस्पर्धी माना जा रहा है।
2024 में मिली थी भारत को जीत
अगर हालिया मुकाबलों की बात करें, तो भारत ने पाकिस्तान पर लगातार बढ़त बनाई है। दोनों टीमों की आखिरी भिड़ंत 2024 एशियन चैंपियंस ट्रॉफी में हुई थी, जिसमें भारत ने 2-1 से जीत हासिल की थी। वहीं 2023 एशियन गेम्स में भी भारत ने पाकिस्तान को एकतरफा अंदाज में 10-2 से हराया था।
यह भी पढ़े -आईपीएल में सबसे ज्यादा मेडन फेंकने वाले टॉप-5 बॉलर्स, नंबर-1 पर कौन काबिज..जानें कौन सा है बुमराह का स्थान?
2025 में नहीं हुआ था भारत पाकिस्तान का मुकाबला
वहीं, साल 2025 के हॉकी एशिया कप में दोनों टीमों का आमना-सामना नहीं हो सका, क्योंकि पाकिस्तान ने सुरक्षा कारणों का हवाला देते हुए टूर्नामेंट से अपना नाम वापस ले लिया था। यह टूर्नामेंट भारत की मेजबानी में खेला गया था।
पाकिस्तान है आगे
इतिहास पर नजर डालें तो पाकिस्तान अभी भी आगे है। दोनों टीमों के बीच अब तक 181 मुकाबले खेले जा चुके हैं, जिनमें पाकिस्तान ने 82 मैच जीते हैं, जबकि भारत ने सिर्फ 67 मुकाबले अपने नाम किए हैं। 32 मैच ड्रॉ रहे हैं। वर्ल्ड कप में भी पाकिस्तान ने पांच बार खिताब जीता है, जबकि भारत के नाम एक ही खिताब है। लेकिन पिछले करीब एक दशक से तस्वीर बदलती नजर आ रही है। 2016 के बाद से भारत ने पाकिस्तान के खिलाफ लगातार अच्छा प्रदर्शन किया है और जीत का सिलसिला बनाए रखा है।
Created On :   18 March 2026 11:46 PM IST












