ICC T20 Ranking: वर्ल्डकप फाइनल में भारत की जीत के हीरो बुमराह टॉप-5 में पहुंचे, बैटर्स में अभिषेक की बादशाहत बरकरार

डिजिटल डेस्क, भोपाल। इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल (आईसीसी) ने बुधवार को प्लेयर रैंकिंग जारी की। भारत को टी20 वर्ल्डकप 2026 का खिताबी मुकाबला जिताने में अहम भूमिका निभाने वाले जसप्रीत बुमराह ने बॉलर्स की रैंकिंग में लंबी छलांग लगाई है। वह अब 702 रेटिंग पॉइंट के साथ पांचवे स्थान पर पहुंच गए हैं।
बुमराह ने वर्ल्डकप के बाद से कोई मैच नहीं खेला, लेकिन फिर भी उन्हें रैंकिंग में फायदा हुआ। उसकी वजह साउथ अफ्रीका के गेंदबाज कॉर्बिन बॉश का न्यूजीलैंड के खिलाफ 5 मैचों की टी20 सीरीज में न खेलना है। इससे उन्हें रैंकिंग में नुकसान हुआ और वह पांचवे से छठे स्थान पर खिसक गए।
राशिद खान टॉप पर काबिज
बॉलर्स की रैंकिंग में अफगानिस्तान के कप्तान राशिद खान नंबर-1 पर काबिज हैं, उनके 753 रेटिंग पॉइंट्स हैं। दूसरे नंबर पर 740 रेटिंग पॉइंट्स के साथ भारत के स्टार स्पिनर वरुण चक्रवर्ती हैं। तीसरे स्थान पर पाकिस्तान के स्पिनर अबरार अहमद 736 पॉइंट्स के साथ हैं। चौथे स्थान पर इंग्लैंड के आदिल राशिद हैं, उनके 721 रेटिंग पॉइंट्स हैं।
बैटर्स में अभिषेक की बादशाहत बरकरार
बल्लेबाजों की रैंकिंग में अभिषेक शर्मा टॉप पोजिशन पर बने हुए हैं। दूसरे स्थान पर भारत के ही ईशान किशन हैं। अभिषेक के 875 तो ईशान के 871 रेटिंग पॉइंट्स हैं। पाकिस्तान के साहिबजादा फरहान 848 पॉइंट्स के साथ तीसरे स्थान पर हैं। चौथे स्थान पर इंग्लैंड के फिल सॉल्ट और पांचवे स्थान पर श्रीलंका के पथुम निसांका हैं। सॉल्ट के 792 और निशांका के 766 रेटिंग पॉइंट्स हैं।
वहीं बात करें ऑलराउंडर्स की रैंकिंग की तो उसमें बदलाव नहीं हुआ है। टॉप-5 में जिम्बाब्वे के कप्तान सिंकदर रजा पहले स्थान पर बने हुए हैं। दूसरे स्थान पर हार्दिक पंड्या और तीसरे स्थान पर पाकिस्तान के सैम अयूब हैं। चौथे और पांचवे स्थान पर क्रमश नेपाल के दीपेंद्र सिंह ऐरी और अफगानिस्तान के अजमतुल्लाह उमरजई हैं।
Created On :   18 March 2026 7:24 PM IST













