IPL 2026: ईशान किशन को मिली बड़ी जिम्मेदारी, संभालेंगे SRH की कमान, अभिषेक बने उपकप्तान

डिजिटल डेस्क, हैदराबाद। क्रिकेट जगत की सबसे बड़ी लीग आईपीएल के 19वें सीजन का आगाज 28 मार्च से हो रहा है। पहला मुकाबला डिफेंडिंग चैंपियन रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु और सनराइजर्स हैदराबाद के बीच खेला जाएगा। इस मैच से पहले सनराइजर्स हैदराबाद ने टीम के विकेटकीपर/बल्लेबाज ईशान किशन को बड़ी जिम्मेदारी सौंपी है। उन्हें टीम का कप्तान बनाया गया है। वहीं उपकप्तान ओपनर अभिषेक शर्मा को बनाया गया है।
पैट कमिंस की जगह करेंगे कप्तानी
फ्रेंचाइजी की ओर से बुधवार को सोशल मीडिया पर इसकी जानकारी दी गई। एक्स पर किए गए पोस्ट में SRH ने लिखा, 'पैट कमिंस चोट से उबरने के दौरान कुछ मैच मिस करेंगे। उनके पूरी तरह फिट होने तक ईशान किशन टीम के कप्तान और अभिषेक शर्मा उप-कप्तान होंगे।'
बता दें कि सनराइजर्स के रेगुलर कप्तान पैट कमिंस अभी अपनी इंजरी से पूरी तरह नहीं उबर पाए हैं। इस वजह से वो शुरुआत के कुछ मैच नहीं खेल सकेंगे। उन्हें पिछले साल के आखिर में खेली गई एशेज सीरीज के दौरान चोट लग गई थी।
झारखंड को जिताई थी सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी
ईशान किशन को कप्तानी का अच्छा खासा अनुभव है। उन्होंने अपनी लीडरशिप में झारखंड टीम को सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी जितवाई थी। कप्तानी के साथ ही ईशान ने टूर्नामेंट में बैट से भी शानदार प्रदर्शन किया था। उन्होंने करीब 200 के स्ट्राइक रेट से 517 रन बनाए थे।
इसी प्रदर्शन की दम पर उनकी भारतीय टीम में दोबारा वापसी हो सकी। उन्होंने न्यूजीलैंड के खिलाफ टी20 और फिर वर्ल्डकप में यादगार परफॉर्मेंस दीं। न्यूजीलैंड के खिलाफ सीरीज और 2026 टी-20 वर्ल्ड कप में उनके बल्ले से निकले। वर्ल्ड कप में ईशान ने 9 मैचों में 207 के स्ट्राइक रेट से 317 रन बनाए।
Created On :   18 March 2026 6:12 PM IST












