IPL 2026: सबसे ज्यादा मैचों में सबसे ज्यादा रन..फिर क्यों छोड़ा राजस्थान रॉयल्स का साथ? संजू सैमसन ने खुद बताई वजह

डिजिटल डेस्क, चेन्नई। टीम इंडिया को टी20 वर्ल्डकप 2026 का खिताब जिताने वाले संजू सैमसन इन दिनों चर्चा में हैं। इस सीजन में वह चेन्नई सुपर किंग्स के लिए खेलते दिखाई देंगे। जब से संजू राजस्थान रॉयल्स से चेन्नई सुपर किंग्स में गए हैं तब से ही ये चर्चा है कि उन्होंने आखिर ऐसा क्यों किया? अब संजू ने खुद इसकी वजह बताई है।
बता दें कि आईपीएल 2026 के लिए हुई मिनी नीलामी से पहले संजू सैमसन ट्रेड के जरिए राजस्थान से चेन्नई सुपर किंग्स में आए थे। उनका राजस्थान का साथ छोड़ना फैंस के लिए काफी चौंकाने वाला था। लेकिन अब संजू ने खुद इसका कारण बताया है।
इसलिए थामा सीएसके का हाथ...
संजू सैमसन के मुताबिक उन्हें लगा कि राजस्थान रॉयल्स में उनका समय पूरा हो चुका है। इसी वजह से उन्होंने फ्रेंचाइजी का साथ छोड़ दिया और नई शुरुआत करने का फैसला किया। बता दें कि संजू राजस्थान के लिए सबसे ज्यादा मैच खेलने और रन बनाने वाले बैटर हैं। उन्होंने साल 2013 में राजस्थान रॉयल्स के साथ ही अपने आईपीएल करियर की शुरुआत की थी। उन्होंने 2013 से लेकर 2016 तक चार सीजन राजस्थान के लिए खेला। इसके बाद 2016 और 2017 में वह दिल्ली कैपिटल्स से जुड़ गए। 2018 में उन्होंने फिर राजस्थान में वापसी की और 2025 तक जुड़े रहे। अपने आईपीएल करियर में पहली बार संजू चेन्नई के लिए खेलते हुए नजर आएंगे। देखना दिलचस्प होगा कि फ्रेंचाइजी के लिए उनका प्रदर्शन कैसा रहता है।
संजू के आईपीएल करियर पर नजर डालें तो उन्होंने अभी तक 172 मैच खेले हैं। इस दौरान 172 पारियों में उनके बैट से करीब 31 की औसत और 140 के स्ट्राइक रेट से 4704 रन निकले हैं। संजू के नाम इस मेगा लीग में 3 शतक और 26 अर्धशतक दर्ज हैं। उनका हाईएस्ट स्कोर 119 रन रहा है।
Created On :   17 March 2026 9:48 PM IST












