Kabul Airstrike Afghan Cricketers Reaction: 'हम फिर से उठ खड़े होंगे..', पाकिस्तान की काबुल पर की गई एयरस्ट्राइक से भड़के राशिद खान, सुनाई खरी-खोटी

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। ईरान जंग के अलावा एशिया में एक और जंग चल रही है। ये जंग है अफगानिस्तान और पाकिस्तान के बीच। सोमवार देर रात पाकिस्तान ने अफगानिस्तान की राजधानी काबुल पर एयरस्ट्राइक की। पाकिस्तानी वायुसेना के लड़ाकू विमानों ने काबुल के कई इलाकों पर हमला किया, जिनमें एक हॉस्पिटल भी शामिल है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक इन हवाई हमले में 400 लोगों की मौत हो गई है जबकि 250 से ज्यादा घायल हुए हैं। इस घटना के बाद राशिद खान और नवीन उल हक समेत अफगानिस्तान के कई क्रिकेटरों ने तीखी प्रतिक्रिया दी है।
यह एक युद्ध अपराध है - राशिद खान
अफगानिस्तान के स्टार क्रिकेटर राशिद खान काबुल में हुए हवाई हमलों पर गहरा दुख जताया है। उन्होंने एक्स पर लिखा, 'काबुल में पाकिस्तानी हवाई हमलों के कारण आम लोगों के मारे जाने की खबरों से मुझे गहरा दुख हुआ है। आम नागरिकों के घरों, शिक्षण संस्थानों या मेडिकल सुविधाओं को निशाना बनाना, चाहे जान-बूझकर हो या गलती से, एक युद्ध अपराध है।'
उन्होंने आगे लिखा, 'इंसानी जानों की जिस तरह से अनदेखी की जा रही है, खासकर रमजान के पवित्र महीने में, वह बेहद घिनौनी और गहरी चिंता का विषय है। इससे केवल फूट और नफरत ही बढ़ेगी। मैं संयुक्त राष्ट्र (UN) और मानवाधिकारों के लिए काम करने वाली अन्य एजेंसियों से अपील करता हूं कि वे इस इस ज़ुल्म की पूरी तरह से जांच करें और इसके दोषियों को सजा दिलवाएं। इस मुश्किल समय में मैं अपने अफगान लोगों के साथ खड़ा हूं। हम इस सदमे से उबरेंगे, और एक राष्ट्र के तौर पर हम फिर से उठ खड़े होंगे। हम हमेशा ऐसा ही करते आए हैं। इंशाअल्लाह।'
यह भी पढ़े -दूसरे टी20 में न्यूजीलैंड की दमदार वापसी, साउथ अफ्रीका को 68 रन से दी मात, सीरीज 1-1 की बराबरी पर आई
इजरायल और पाकिस्तान एक जैसे - नवीन उल हक
अफगानिस्तान के तेज गेंदबाज नवीन उल हक ने भी इस घटना पर दुख जाहिर किया और पाकिस्तान की तुलना इजरायल से की। उन्होंने सोशल मीडिया पर लिखा, 'इजराइल और पाकिस्तानी के बीच कोई भी फर्क ढूंढना मुश्किल है।' वहीं टीम के स्टार बैटर इब्राहिम जादरान ने अपनी पोस्ट में लिखा, 'रात में एक जोरदार धमाका सुनाई दिया और कुछ ही पलों बाद एक अस्पताल से आसमान में आग की लपटें उठती दिखाई दीं। जो लोग अगले दिन रोजा रखने की तैयारी कर रहे थे, उनमें से कई अब या तो मारे गए हैं या घायल हैं। काबुल दर्द में है, हम न्याय की दुआ करते हैं।'
Created On :   17 March 2026 8:36 PM IST












