IPL 2025: खत्म हुआ माही के रिटायरमेंट पर सस्पेंस! फैंस को मिली खुशखबरी, अगले सीजन में खेलने पर आया बड़ा अपडेट

- IPL 2026 में भी खेलते दिखाई दे सकते हैं महेंद्र सिंह धोनी
- IPL में सबसे ज्यादा मैच खेलने वाले खिलाड़ी हैं धोनी
- IPL 2025 में प्लेऑफ की रेस से बाहर हो चुकी है CSK
डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। आईपीएल की सफलतम टीमों में से एक चेन्नई सुपर किंग्स के मौजूदा कप्तान महेंद्र सिंह धोनी अकसर अपने संन्यास की खबरों के चलते चर्चा का विषय बने रहते हैं। अब फिर से वह इन्हीं खबरों की वजह से सुर्खियों में आ गए हैं। बता दें, आईपीएल 2025 में चेन्नई सुपर किंग्स का प्रदर्शन कुछ ठीक नहीं है। टीम प्लेऑफ की रेस से भी बाहर हो चुकी है। चेन्नई सुपर किंग्स के रेगुलर कप्तान ऋतुराज गायकवाड़ के चोटिल होने के बाद से महेंद्र सिंह धोनी टीम की कमान संभाल रहे हैं।
दरअसल, जब से माही अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास लिया है तब से ही अटकलें लगाई जा रही हैं कि जल्द ही वह आईपीएल को भी अलविदा कह सकते हैं। लेकिन पिछले 4-5 सालों से कैप्टन कूल अपने फैंस को हर सीजन में खुश कर देते हैं। अब उनके रिटायरमेंट को लेकर एक बड़ी खबर सामने आई है। एक मीडिया रिपोर्ट में दावा किया जा रहा है कि माही अगले सीजन में भी चेन्नई सुपर किंग्स की ओर से खेलते दिखाई देने वाले हैं।
इसके अलावा माही की ओर से फ्रैंचाइजी को रिटारयमेंट पर कोई संकेत नहीं दिया गया है। रिपोर्ट के मुताबिक, धोनी का कहना है कि वह इस मामले पर कुछ महीने के सोच विचार के बाद फैसला करेंगे। हालांकि, ये तो पक्का है कि चेन्नई सुपर किंग्स के रेगुलर कप्तान ऋतुराज के लौटने के बाद माही कप्तान नहीं बने रहने वाले हैं।
जानकारी के लिए बता दें, महेंद्र सिंह धोनी इस लीग में सबसे ज्यादा मैच खेलने वाले खिलाड़ी हैं। उन्होंने अपने अब तक के करियर में 276 आईपीएल मैच खेले हैं। इस दौरान खेले गए 241 पारियों में माही के बल्ले से कुल 5423 रन निकले हैं।
Created On :   17 May 2025 6:29 PM IST