एशियन गेम्स : 804 सदस्यीय भारतीय दल जाएगा इंडोनेशिया, 36 खेलों में भाग लेंगे 572 खिलाड़ी

804 member team gets approval from government for asian games
एशियन गेम्स : 804 सदस्यीय भारतीय दल जाएगा इंडोनेशिया, 36 खेलों में भाग लेंगे 572 खिलाड़ी
एशियन गेम्स : 804 सदस्यीय भारतीय दल जाएगा इंडोनेशिया, 36 खेलों में भाग लेंगे 572 खिलाड़ी
हाईलाइट
  • भारतीय खेल मंत्रालय ने 804 सदस्यीय दल को मंजूरी दी।
  • 804 सदस्यों में से 755 का खर्च उठाएगी सरकार।
  • इंडोनेशिया के राजधानी जकार्ता और पालेमबांग में आयोजित होगी एशियाई खेल।

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। भारतीय खेल मंत्रालय ने शनिवार को एशियन गेम्स 2018 को लेकर एक बड़ा ऐलान किया है। मंत्रालय ने इन खेलों के लिए 804 सदस्यीय दल को मंजूरी दे दी है। मंत्रालय ने इंडियन ओलंपिक एसोसिएशन (IOA) द्वारा भेजी गई खिलाड़ियों और अधिकारियों की लिस्ट को शनिवार को मंजूरी दी। हालांकि उन्होंने इस दल में से केवल 755 सदस्यों का खर्च उठाने का फैसला किया है। जबकि बाकी के सदस्य अपने खर्च पर जाएंगे। बता दें कि IOA ने सोमवार को खिलाड़ियों की एक सूची सरकार को भेजी थी।

मंत्रालय ने कहा कि वह 572 खिलाड़ियों, 183 अधिकारियों, 119 कोचों और 21 डॉक्टरों का खर्च उठाएगा। वहीं बाकी के 49 अधिकारी अपने महासंघ के खर्च पर एशियन गेम्स में जा सकते हैं। इन 49 अधिकारियों में 26 मैनेजर, तीन कोच और 20 अन्य अधिकारी शामिल हैं। इसके साथ ही मंत्रालय ने IOA के 12 सदस्यीय दल को भी सरकारी खर्च पर जाने की मंजूरी दे दी है। इनमें आठ दल प्रमुख और चार उप प्रमुख शामिल हैं। 

IOA को लिखे एक पत्र में खेल मंत्रालय ने कहा कि 804 में से 755 सदस्य सरकारी खर्च पर जाएंगे। इसमें हवाई किराया, वीजा फीस इत्यादि चीजें शामिल हैं। इसके अलावा चार निजी ट्रेनरों को भी मंजूरी दी गई है पर इनके खर्च का जिम्मा भी सरकार पर नहीं होगा। इनमें फर्राटा धाविक दुती चंद के कोच रमेश सिंह भी शामिल हैं। वहीं 400 मीटर रीले के कोच बसंत सिंह को भी इसी वर्ग में रखा गया है।

सरकारी खर्च पर जाने वालों में शूटर हीना सिद्धु के पति सह कोच रौनक पंडित शामिल हैं। वहीं जिम्नास्ट खेल की स्टार दीपा करमाकर के कोच बिशेश्वर नंदी भी सरकारी खर्च पर जाएंगे। मंत्रालय ने सरकारी खर्च पर जा रहे खिलाड़ियों और कोचों को 50 डॉलर प्रतिदिन देने का निर्णय लिया है। जबकि 21 डॉक्टरों और 25 फिजियो को 25 डॉलर प्रतिदिन पॉकेट मनी के तौर पर दिया जाएगा।

बता दें कि 18वें एशियाई खेल इंडोनेशिया के दो शहरों राजधानी जकार्ता और पालेमबांग में आयोजित हो रहे हैं। यह 18 अगस्त से 2 सितंबर के बीच आयोजित किया जाएगा। यह पहली बार है जब खेलों का आयोजन दो शहरों में हो रहा है। इस बार भारत से  572 खिलाड़ी एशियन गेम्स के 36 खेलों में भाग लेंगे। इनमें 312 पुरुष और 260 महिलाएं शामिल हैं। पिछली बार एशियाई खेलों में भारत ने 57 पदक जीते थे। उनमें से 11 गोल्ड और 10 सिल्वर थे। 


 

Created On :   11 Aug 2018 3:52 PM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story