इंटरकॉन्टिनेंटल चैंपियन बना भारत, केन्या को दी 2-0 से शिकस्त

इंटरकॉन्टिनेंटल चैंपियन बना भारत, केन्या को दी 2-0 से शिकस्त
हाईलाइट
  • इंटरकॉन्टिनेंटल कप 2018 में भारत ने केन्या को 2-0 से हराकर खिताब अपने नाम कर लिया है
  • इस मैच के हीरो रहे भारतीय कप्तान सुनील छेत्री
  • सुनील छेत्री ने मैच के दूसरे गोल के साथ मेस्सी के 64 अंतर्राष्ट्रीय रिकॉर्ड गोल की बराबरी कर ली


डिजिटल डेस्क, मुंबई। मुंबई में खेले जा रहे इंटरकॉन्टिनेंटल कप 2018 में भारत ने केन्या को 2-0 से हराकर खिताब अपने नाम कर लिया है। मुंबई के फुटबॉल एरेना में खेले जा रहे इस मैच के हीरो भारतीय कप्तान सुनील छेत्री रहे। कप्तान छेत्री के शानदार 2 गोल की बदौलत भारत ने केन्या को पटखनी देते हुए इंटरकॉन्टिनेंटल चैंपियन बन दिया है।

मैच की शुरुआत से ही भारत ने अपना दबदबा बना रखा था। पहले ही हाफ में भारत ने दो गोल दर्ज कर बढ़त बना ली। गेम की पहली कामयाबी कप्तान सुनील छेत्री को 8वें मिनट में ही मिल गयी थी। सातवें मिनट में केन्या के खिलाड़ी ने बर्नार्ड ओगिंगा ने फ़ाउल कर दिया, जिसके बाद भारत को फ्री किक का मौका मिला। भारत की तरफ से फ्री किक लेने आए अनिरुद्ध थापा ने भी कोई गलती नहीं की और गेंद को कप्तान सुनील छेत्री तक पहुंचा दिया, गेंद पर अपने नियंत्रण के लिए पहचाने जाने वाले छेत्री ने बिना समय गंवाए गेंद को गोल पोस्ट में दाखिल करा दिया। शुरुआत में ही मिली बढ़त से भारत के हौसलों में और इजाफा हो गया। इसके बाद भारत द्वारा दूसरा गोल 29वें मिनट में किया गया, इस बार भी मौके को गोल में बदलने वाले थे कप्तान सुनील छेत्री।

सुनील छेत्री ने रचा कीर्तिमान
भारत और केन्या के बीच खेले गए इस फाइनल मुकाबले में सुनील छेत्री ने जैसे ही दूसरा गोल किया तो वे अर्जेंटीना के विश्वप्रसिद्ध खिलाड़ी लियोनल मेस्सी के बराबरी पर आ गए। सुनील छेत्री ने मैच के दूसरे गोल के साथ मेस्सी के 64 अंतर्राष्ट्रीय रिकॉर्ड गोल की बराबरी कर ली। अब सुनील छेत्री और लियोनल मेस्सी दोनों के नाम 64 अंतर्राष्ट्रीय गोल दर्ज हैं। टूर्नामेंट के बेस्ट प्लेयर भी छेत्री ही रहे। उन्होंने 3 मैचों में 8 गोल दाग कर टॉप स्कोरर का खिताब भी जीता।

1 जून से 10 जून के बीच खेले गए इस टूर्नामेंट में चीनी ताइपेई, न्यूजीलैंड और केन्या की टीम ने हिस्सा लिया। केन्या से पहले इस टूर्नामेंट में दक्षिण अफ्रीका को खेलना था पर किन्ही कारणों से नहीं खेल पाने के कारण केन्या को जगह मिली।

Created On :   10 Jun 2018 6:39 PM GMT

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story