CM Rekha Gupta Bungalow: दिल्ली मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के 'मायामहल' को लेकर गरमाई सियासत, पीडब्ल्यूडी ने रद्द किया टेंडर

- पीडब्ल्यूडी ने दिल्ली सीएम के बंगले के रेनोवेशन करने वाले टेंडर को किया रद्द
- आप ने सीएम को लेकर की ये टिप्पणी
- "शीश महल करते करते अपने लिए रंग महल बनवाया जा रहा है!"
डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के बंगले को लेकर अब बवाल शुरू हो गया। मुख्यमंत्री के बंगले में रेनोवेशन के लिए 4 जुलाई को टेंडर जारी किया था, जो लाखों रूपए का था, लेकिन लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) ने प्रशासनिक कारणों को हवाला देते हुए यह टेंडर रद्द कर दिया है। इसकों लेकर सियासत गरमा गई है। आम आदमी पार्टी और कांग्रेस ने हमला किया है।
दिल्ली मुख्यमंत्री का निवास स्थान राजनिवास मार्ग बंगला नंबर 1/8 के रोनोवेशन करवाने के लिए टेंडर जारी किया था, जिसमें 14 एसी, 9 लाख का टीवी, 6 लाख की लाइटें और अन्य कई चीजें शामिल थी। दस्तावेजों के अनुसार, ये टेंडर 60 लाख रूपए का था, जिसे अब पीडब्ल्यूडी ने रद्द कर दिया है।
ये दो बंगले किए थे आवंटित
आपको बता दें कि मुख्यमंत्री बनने के बाद रेखा गुप्ता को पीडब्ल्यूडी ने राजनिवास मार्ग पर दो बंगले आवंटित किए थे। एक बंगला उनके निवास के लिए और दूसरा बंगला शिविर कार्यालय के लिए। बीते हफ्ते मुख्यमंत्री ने शिविर कार्यालय का उद्घाटन किया था। वहीं, निवास बंगले को रेनोवेशन के लिए कहा था, लेकिन अब उनके इस फैसले को पीडब्ल्यूडी विभाग ने कैंसिल कर दिया है।
आप ने बंगले को लेकर किया हमला
मुख्यमंत्री के घर के रेनोवेशन को लेकर आम आदमी पार्टी ने हमला करते हुए कहा कि सीएम बंगले को 'मायामहल' बनाया जा रहा है, लेकिन दिल्ली वासियों को कई समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है, जैसे राजधानी में महंगाई बढ़ती जा रही है। इसके अलावा प्राइवेट स्कूलों की फीस बढ़ती जा रही है, जिसकी वजह से लोग काफी परेशान है। इस बीच सीएम रेखा गुप्ता करोड़ों रूपए की लागत से अपने बंगले की मरम्मत करवा रही है। इसमें लाखों के एसी, झूमर और लाइटें शामिल है। इस रेनोवेशन में करोड़ों रूपए खर्च होंगे।
कांग्रेस ने मायामहल को लेकर कसा तंज
कांग्रेस की राष्ट्रीय प्रवक्ता सुप्रिया श्रीनेत ने एक्स पर मुख्यमंत्री के बंगले को लेकर सीएम रेखा गुप्ता पर तंज कसा है। उन्होंने कहा, "शीश महल करते करते अपने लिए रंग महल बनवाया जा रहा है! जिस दिल्ली के लोग अपना घर ढहाये जाने पर बुलडोज़र के सामने लेटने को मजबूर हैं, वहां की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता जी एक नहीं दो बंगलों को साथ मिलाकर रहेंगी और रेनोवेशन सुनकर आपके होश उड़ जायेंगे।"
Created On :   9 July 2025 8:41 PM IST