कथावाचक कांड: इटावा में अहीर रेजिमेंट और पुलिस के बीच पथराव, दांदरपुर गांव पहुंचने के बीच में हुई झूमाझटकी, पुलिस ने की फायरिंग

- कथा आयोजक पक्ष ने कथावाचकों पर दर्ज कराया केस
- ब्राह्मण वर्ग के चार आरोपी युवकों को किया गिरफ्तार
- सपा -यादव महासभा और ब्राह्मण महासभा आमने -सामने
डिजिटल डेस्क, इटावा। उत्तरप्रदेश में यादव कथावाचक कांड के बाद माहौल तनावपूर्ण होता जा रहा है। यादव कथावाचकों से बदसलूकी केस में अहीर रेजिमेंट के लोग भारी संख्या में दांदरपुर गांव पहुंचने की कोशिश में थे। पुलिस ने उन्हें बीच में रोकने की कोशिश की, इस दौरान रेजिमेंट और पुलिस के बीच पथराव और फायरिंग होने की खबर है। पुलिस ने रेजिमेंट के लोगों पर बल का प्रयोग भी किया। पत्थरबाजी में कई गाड़ी क्षतिग्रस्त हो गई। मौके पर भारी पुलिस बल तैनात है। इटावा में कथावाचक से बदसलूकी पर सियासत तेज, एक तरफ सपा और यादव महासभा तो दूसरी तरफ ब्राह्मण महासभा आमने सामने आ गई है।
हाल ही में दांदरपुर गांव में 21 जून को कथावाचक मुकुट मणि यादव और उनके साथी संत कुमार यादव के साथ ब्राह्मण धर्म के लोगों ने गलत व्यवहार किया था। शिकायत के आधार पर पुलिस ने 23 जून को गांव के चार आरोपी ब्राह्मण युवकों को गिरफ्तार कर लिया। सोशल प्रेशर के चलते कथा आयोजक पक्ष ने कथावाचकों पर भी केस दर्ज कराया है। मामले में अखिलेश यादव ने प्रदेश बीजेपी की योगी सरकार पर निशाना साधा।
आपको बता दें कि कुछ दिन पहले दांदरपुर गांव में ब्राह्मण समाज के कुछ बदमाश लोगों ने यादव कथावाचकों से बदसलूकी ,मारपीट की और उनका मुंडन कर दिया। इस कांड के बाद यादव और ब्राह्मण समाज आमने-सामने हो गए हैं। इसी सिलसिले में गगन यादव की अगुवाई में अहीर रेजिमेंट के लोग दांदरपुर गांव में जा रहे थे। तभी पुलिस और रेजिमेंट के बीच बवाल हुआ। जिसे रोकने के लिए पुलिस को अपने बचाव में हवाई फायरिंग भी करनी पड़ी। पुलिस ने कई उपद्रवियों को मौके से ही हिरासत में ले लिया है। पुलिस वीडियो के माध्यम से फरार उपद्रवियों की तलाश भी कर रही है। हालफिलहाल गांव में शांति कायम है।
Created On :   26 Jun 2025 4:38 PM IST