महाराष्ट्र: सीटीपीएस में बाघ के जोड़े के विचरण ने बढ़ाई दहशत, कुछ दिन पहले भालू का विडियो हुआ था वायरल

सीटीपीएस में बाघ के जोड़े के विचरण ने बढ़ाई दहशत, कुछ दिन पहले भालू का विडियो हुआ था वायरल
सीटीपीएस में बाघ के जोड़े के विचरण ने बढ़ाई दहशत

डिजिटल डेस्क, योगेश चिंधालोरे, चंद्रपुर। चंद्रपुर ताप बिजली केंद्र की ऊर्जा नगर कॉलोनी में बुधवार की रात एक साथ 2 बाघ नजर आने से कॉलोनी के निवासियों में दहशत व्याप्त हो गयी है। इसका एक वीडियो सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है। बता दें कि, कुछ दिन पहले ही कालोनी में रात के समय भालू घूमने का वीडियो वायरल हुआ था।

प्राप्त जानकारी के अनुसार उर्जानगर कॉलोनी में बुधवार को एक परिवार के यहां शादी की रस्म चल रही है। इस रस्म के तहत गीत संगीत और हल्दी समारोह को निपटाकर कुछ परिवार कॉलोनी से बाहर आ रहे थे कि, उन्हें नाले पर बने पुलिया पर एक के बाद एक 2 बाघ सड़क पार करते नजर आए। उन्होंने इसका वीडियो भी बनाया है, जो वायरल हुआ है। ज्ञात हो कि उर्जानगर कॉलोनी में वन्य प्राणियों का निरंतर दर्शन होता है। बाघ और तेंदुए द्वारा यहां के निवासियों पर कई बार हमले भी किये जा चुके है। एक बार एक तेंदुए ने कॉलोनी के एक क्वार्टर के सामने से 5 वर्षीय बालिका को उठाकर ले जाते हुए उसकी जान ली थी। बाघ के हमले में एक कामगार की भी मौत हो चुकी है। वन्य प्राणियों द्वारा निरंतर हो रहे हमलों की घटनाओं से पहले ही उर्जानगर कॉलोनी के लोगों में दहशत व्याप्त है। ऐसे में अब बुधवार की रात कॉलोनी में एक साथ 2 वयस्क बाघ दिखाई पड़ने की घटना सामने आने से कॉलोनी के लोगों की धड़कनें तेज हो गयी है। उपाय योजना करने की मांग की जा रही है।

पुनः आवश्यक उपाय योजना की जरूरत

बता दे कि, यहां से कुछ दूरी पर ही ताडोबा जंगल है। अक्सर यहां बाघ, तेंदुए, भालू का विचरण रहता है। पिछले साल यहां बाघ ने काफी दहशत मचाई थी। तब वनविभाग और सीटीपीएस ने झाड़ियों की सफाई करने के साथ नियमित गश्त जैसे आवश्यक उपाय योजना किए थे। किंतु वह उपाय योजना सीमित रह गए हैं। फलस्वरूप वन्यजीवों का फिर से विचरण शुरू होने से नागरिकों में दहशत व्याप्त है।

10 कामगारों का कई माह से वेतन नही

प्राप्त जानकारी के अनुसार बिजली केंद्र में वन्यजीवों के बढ़ते विचरण से परिसर में 10 मजदूरों को गश्त पर लगाया गया है, उनकी मॉनिटरिंग वनविभाग करता है, जबकि वेतन सीटीपीएस प्रबंधन करता है। प्रारंभ में उन्हें नियमित वेतन मिलता रहा। अपने काम वे अच्छे ट्रेन भी हो गए, किंतु उन्हें अपने काम का मेहनताना नही मिल रहा। पता चला है कि, उन्हें पिछले 6-7 माह से वेतन नही मिलने के कारण उनका अब काम से मन उब चुका है। इस ओर संबंधितो ने ध्यान देने की जरूरत है।

वीडियो की जांच पड़ताल की जा रही है

घनश्याम नायगमकर, आरएफओ, चंद्रपुर ने कहा कि दो बाघों के विचरण का वीडियो मैंने भी देखा है। उसकी जांच पड़ताल की जा रही है। संभवतः यहां का हो भी सकता है। क्योंकि सीटीपीएस परिसर में एक बाघ, एक बाघिन और उनके चार शावकों का विचारण है। उनपर नजर रखने के लिए पहले ही केमेरे ट्रैप लगाए गए हैं। वन विभाग द्वारा आवश्यक उपाय योजना किए जा रहे हैं। नागरिकों ने सावधानियां बरतनी चाहिए।

Created On :   21 Dec 2023 10:28 AM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story