छेड़छाड़ का विरोध करने पर दाग दी गोली और भाग गए आरोपी

छेड़छाड़ का विरोध करने पर दाग दी गोली और भाग गए आरोपी
  • प्रेमी युगल से लूटपाट का प्रयास
  • घायल का मेयो अस्पताल में उपचार जारी

डिजिटल डेस्क, संवाददाता , खापरखेड़ा (नागपुर)। रेस्टॉरेंट से भोजन कर वापस लौट रहे प्रेमी युगल के साथ मोपेड से पीछे से आए तीन अज्ञात आरोपियों ने लूटपाट की कोशिश की। विरोध करने पर युवती से छेड़छाड़ करते हुए गोली दाग दी। जो गोली प्रेमी के पैर में जाकर लगी। घायल अवस्था में छोड़ आरोपी 2 मोबाइल सहित 72 हजार रुपए का माल लेकर फरार हो गए। घटना नांदा शिवार के कोलार नदी के दहन घाट के समीप हुई।

पुलिस सूत्रों से प्राप्त जानकारी के अनुसार बाबा फरीद नगर, नागपुर निवासी 24 वर्षीय पीड़िता अपने दोस्त प्रवीण बोंडे के साथ दहेगांव रोड स्थित फिरा रेस्टॉरेंट से खाना खाकर इलेक्ट्रिक मोपेड क्रमांक एमएच-31, एफडब्ल्यू- 7680 से नागपुर की ओर लौट रही थी। बताया जा रहा है कि, दोनों हाईवे से न जाते हुए किल्ले कोलार मार्ग की ओर मुड़ गए। कोलार नदी पुल क्रॉस कर नांदा के अर्धनारी नटेश्वर दहन घाट के समीप सुनसान जगह पर गाड़ी खड़ी कर घूमने चले गए। कुछ देर बाद दोनों अपनी मोपेड के पास पहुंचे। इस बीच एक मोपेड से तीन अज्ञात आरोपी उनके समीप पहुंचे और धमकी देकर पीड़िता से अश्लील हरकत करने लगे। धमकाते हुए मोबाइल व नकद छीन कर भागने लगे। पीड़िता ने पीछे बैठे युवक को खींचने का प्रयास किया। जिस पर एक अन्य आरोपी ने दोनों पर बंदूक तान दी। पीड़िता के हाथ पकड़ने पर दो से तीन फायर किए गए। जिससे एक गोली प्रवीण के पैर में जा लगी। बताया जा रहा है कि, प्रेमी प्रवीण नशे की हालत में था, इसलिए उसे गोली लगने का पता नहीं चला। आरोपी ने बंदूक के नीचे के हिस्से से पीड़िता के सिर पर वार कर घायल कर दिया। तीनों मौके से फरार हो गए। घटना के बाद युगल पहले कोराडी थाने पहुंचे थे। दोनों को उपचार के लिए नागपुर के मेयो अस्पताल भर्ती कराया गया। प्रवीण के पैर में फंसी गोली निकाली गई। घटना की सूचना खापरखेड़ा पुलिस को दी गई। पीड़िता की शिकायत पर खापरखेड़ा पुलिस स्टेशन में तीन अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया। लोकल क्राइम ब्रांच, खापरखेड़ा पुलिस, डॉग स्क्वॉड की टीम पीड़िता को लेकर घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल से खून के नमूने लिए ।

Created On :   24 May 2023 9:05 AM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story