- Home
- /
- राज्य
- /
- महाराष्ट्र
- /
- नागपुर
- /
- स्वच्छ दिवाली – शुभ दिवाली अभियान...
Nagpur News: स्वच्छ दिवाली – शुभ दिवाली अभियान का शुभारंभ, 102 संकलन और स्वीकार केंद्र बनकर हुए तैयार

- चार रंगों की कुंडी में वस्तुओं का संकलन
- 10 जोनों में अभियान की शुरुआत
Nagpur News. महानगरपालिका (मनपा) द्वारा स्वच्छ दिवाली – शुभ दिवाली अभियान की शुरुआत की गई है। इस अंतर्गत घर-घर से निकलने वाली निरुपयोगी वस्तुओं के संकलन एवं स्वीकार केंद्रों का उद्घाटन मनपा मुख्यालय में आयुक्त एवं प्रशासक डॉ. अभिजीत चौधरी ने किया। इस अवसर पर अतिरिक्त आयुक्त वसुमना पंत, अतिरिक्त आयुक्त वैष्णवी बी., मुख्य स्वच्छता अधिकारी डॉ. गजेंद्र महल्ले सहित अन्य अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित थे।उद्घाटन के दौरान आयुक्त डॉ. चौधरी और अतिरिक्त आयुक्त वसुमना पंत ने नागरिकों से अपील की कि वे अपने घरों में पड़ी निरुपयोगी वस्तुओं को नजदीकी संकलन केंद्र पर दान करें, ताकि यह सामग्री जरूरतमंदों तक पहुंच सके।
चार रंगों की कुंडी में वस्तुओं का संकलन
मनपा द्वारा शहर में 102 संकलन केंद्र बनाए गए हैं, जहां पुराने कपड़े, अखबार, रद्दी पुस्तकें, प्लास्टिक वस्तुएं और बच्चों के खिलौने चार रंगों की कुंडियों में एकत्र किए जा रहे हैं। इसके साथ ही कंप्यूटर, रेडियो सहित अन्य इलेक्ट्रॉनिक और इलेक्ट्रिकल वस्तुओं के संकलन की भी व्यवस्था की गई है। संकलित उपयोगी सामग्री को जरूरतमंद लोगों तक पुनः उपयोग के लिए उपलब्ध कराया जाएगा, जबकि अनुपयोगी सामग्री को शास्त्रीय (वैज्ञानिक) प्रक्रिया से नष्ट किया जाएगा।
10 जोनों में अभियान की शुरुआत
मनपा के 10 जोनों में 102 से अधिक स्थानों पर संकलन और स्वीकार केंद्र शुरू किए गए हैं। इनमें मनपा स्कूल, समाज भवन, लाइब्रेरी परिसर और सफाई कर्मचारियों के हाजिरी स्टैंड शामिल हैं। रविवार को सतरंजीपुरा जोन कार्यालय से स्वच्छ दीपावली – शुभ दीपावली अभियान का औपचारिक शुभारंभ किया गया।अभियान के तहत नागरिकों से कपड़े, खिलौने, फर्नीचर, पुराने बर्तन और ई-वेस्ट जैसी वस्तुएं निर्धारित केंद्रों पर जमा करने की अपील की गई है।
घर-घर पहुंच संकलन सुविधा
मनपा ने नागरिकों की सुविधा के लिए घर तक पहुंचकर संकलन सेवा भी शुरू की है। अक्सर सफाई के बाद निकलने वाले फर्नीचर, अलमारी, सोफा जैसी भारी वस्तुओं को कबाड़ में भेजना कठिन होता है। इस समस्या को देखते हुए, मनपा ने बड़े वाहनों की सहायता से घरों से सीधे सामग्री एकत्र करने की व्यवस्था की है।इस पहल का उद्देश्य है कि शहर में स्वच्छता के साथ पुनः उपयोग की संस्कृति को बढ़ावा मिले और दीपावली वास्तव में “स्वच्छ दिवाली – शुभ दिवाली” बने।
Created On :   13 Oct 2025 6:52 PM IST