Jensen Huang Part 7: Exit, Fallout and Return: 11 दिन में इस्तीफा, बवाल और वापसी... जेनसन हुआंग की कुर्सी पर ऐसा क्या हुआ कि ट्रंप को भी उतरना पड़ा मैदान में?

ताइवान से यूएस तक का सफर, अच्छे इंस्टीट्यूट के नाम पर रिलिजियस रिफॉर्म इंस्टीट्यूट में दाखिला, चाकू की नोंक पर धमकी, परिवार से दूरी फिर रीयूनियन। जिंदगी पटरी पर आए उससे पहले जेनसन हुआंग कई उतार चढ़ाव से गुजरे। बचपन, पहली नौकरी से टेक कंपनी का बिगशॉट बनने और फिर हनी ट्रैप का शिकार होने तक जेनसन हुआंग के बारे में जानिए सब कुछ। bhaskarhindi.com की इस खास सीरीज के जरिए...

डिजिटल डेस्क, भोपाल। एक अफेयर की खबर, चीन की जासूसी का शक, अमेरिका की राष्ट्रीय सुरक्षा पर सवाल, शेयर बाजार में भूचाल और फिर राष्ट्रपति डोनल्ड ट्रंप का खुलकर समर्थन... NVIDIA के CEO जेनसन हुआंग की जिंदगी में नवंबर के 11 दिन किसी थ्रिलर फिल्म से कम नहीं रहे। 33 साल तक जिस कंपनी को उन्होंने खड़ा किया और दुनिया की AI ताकत बनाया उसी कंपनी से अचानक उनका इस्तीफा हो गया। लेकिन कहानी यहीं खत्म नहीं हुई। महज 11 दिन बाद हुआंग फिर उसी कुर्सी पर लौट आए। आखिर ऐसा क्या हुआ कि दुनिया की सबसे ताकतवर टेक कंपनियों में से एक को अपने CEO के बिना रहना मुश्किल हो गया?

अफेयर से शुरू हुआ विवाद, इस्तीफे तक पहुंची बात

कहानी शुरू हुई जेनसन हुआंग के निजी जीवन से जुड़े विवादों से। अक्टूबर के आखिर और नवंबर की शुरुआत में कुछ मीडिया रिपोर्ट्स में एलिस हुआंग नाम की महिला के साथ उनके कथित अफेयर की चर्चा सामने आई। एलिस हुआंग सिंगापुर की डेटा सेंटर कंपनी Megaspeed International की पूर्व टॉप एग्जीक्यूटिव बताई गईं। दोनों के नाम सामने आने के बाद मामला सिर्फ अफेयर तक सीमित नहीं रहा। अमेरिकी खुफिया एजेंसियों के एक कथित मेमो में एलिस हुआंग के चीन की खुफिया एजेंसी MSS से जुड़े एक अधिकारी के संपर्क में होने की बात कही गई। शक जताया गया कि कहीं जेनसन हुआंग को चीन के किसी खुफिया ऑपरेशन का निशाना तो नहीं बनाया गया? साथ ही Megaspeed पर Nvidia के प्रतिबंधित AI चिप्स चीन पहुंचाने के आरोप भी सामने आए।

इसी बीच हुआंग पर कंपनी के भीतर भी सवाल उठने लगे। एक और कथित अफेयर की खबर सामने आई। जिसमें Nvidia की एक सीनियर हेल्थकेयर वाइस प्रेसिडेंट का नाम जुड़ा। कंपनी के बोर्ड ने जांच शुरू की, लेकिन विवाद बढ़ता ही गया। 12 नवंबर को जेनसन हुआंग ने अचानक CEO पद से इस्तीफा दे दिया। 33 साल तक कंपनी की कमान संभालने वाले हुआंग के जाने के बाद CFO कोलेट क्रेस को अंतरिम CEO बनाया गया और बोर्ड में भी बदलाव हुए। इस खबर का असर शेयर बाजार पर ऐसा पड़ा कि Nvidia के शेयरों में भारी गिरावट आई। महज सात कारोबारी दिनों में कंपनी की मार्केट वैल्यू से करीब 1.1 ट्रिलियन डॉलर साफ हो गए।

'स्टैंड विद जेनसन' से व्हाइट हाउस तक पहुंची लड़ाई

हुआंग के इस्तीफे के बाद Nvidia के कर्मचारी, निवेशक और टेक जगत के कई बड़े नाम उनके समर्थन में उतर आए। 'Stand with Jensen' नाम से अभियान शुरू हुआ। रिपोर्ट्स के मुताबिक, इस अभियान को 2 लाख से ज्यादा लोगों का समर्थन मिला। एलन मस्क जैसे दिग्गज भी हुआंग की वापसी की मांग करने वालों में शामिल बताए गए। लेकिन इस कहानी में सबसे बड़ा ट्विस्ट तब आया, जब अमेरिकी राष्ट्रपति डोनल्ड ट्रंप भी खुलकर हुआंग के समर्थन में आ गए। ट्रंप ने संकेत दिया कि हुआंग से गलती हुई हो तो उन्होंने सबक सीख लिया है। उन्होंने चिंता जताई कि चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग कहीं हुआंग को चीन के चिप उद्योग को मजबूत करने के लिए अपने साथ ले जाने की कोशिश न करें। 21 और 22 नवंबर के वीकेंड पर ट्रंप और अमेरिकी अटॉर्नी जनरल टॉड ब्लांश की Nvidia बोर्ड से बातचीत हुई। बोर्ड को बताया गया कि हुआंग के खिलाफ किसी आपराधिक गतिविधि के सबूत नहीं हैं और उन्हें राष्ट्रीय सुरक्षा के लिए खतरा नहीं माना जा रहा।

11 दिन बाद फिर CEO की कुर्सी पर जेनसन

और फिर आया 23 नवंबर। Nvidia बोर्ड ने सर्वसम्मति से जेनसन हुआंग को कंपनी के प्रेसिडेंट, CEO और डायरेक्टर के पद पर वापस नियुक्त कर दिया। सांता क्लारा (Santa Clara) स्थित कंपनी के मुख्यालय में कर्मचारियों ने उनका स्वागत किया। वापसी के बाद हुआंग ने कहा कि वह अब एक बेहतर CEO बनने की कोशिश करेंगे। उनकी वापसी के साथ Nvidia के शेयरों में भी जबरदस्त उछाल आया। एक कारोबारी दिन में शेयर करीब 31.5% तक चढ़ने की खबर सामने आई और कंपनी की वैल्यू में करीब 1 ट्रिलियन डॉलर वापस जुड़ गए। हालांकि बोर्ड ने सिर्फ हुआंग को वापस लाकर मामला खत्म नहीं किया। कंपनी में एक स्वतंत्र चेयरमैन बनाए रखा गया, नेशनल सिक्योरिटी और एक्सपोर्ट कंट्रोल से जुड़ी कमेटी बनाई गई और चीफ कंप्लायंस ऑफिसर का नया पद भी स्थापित किया गया।

वापसी हुई, लेकिन कहानी अभी बाकी है

हुआंग की वापसी के बावजूद चीन से जुड़े आरोप और चिप एक्सपोर्ट की जांच खत्म नहीं हुई है। अमेरिकी अधिकारियों की जांच में कथित तौर पर एलिस हुआंग के चीनी खुफिया संपर्कों की बात सामने आई, लेकिन इस बात का सबूत नहीं मिला कि चीन ने जेनसन हुआंग के अफेयर को जासूसी ऑपरेशन के तौर पर शुरू कराया था। दूसरी तरफ, Megaspeed International और उससे जुड़ी कुछ कंपनियों को अमेरिकी ट्रेड ब्लैकलिस्ट में शामिल किए जाने की खबर भी आई। अमेरिकी सांसद Nvidia की एक्सपोर्ट पॉलिसी और चिप्स की सप्लाई को लेकर जवाब मांग रहे हैं। 1 दिसंबर को हुआंग से संसदीय समितियों के सामने पूछताछ और 3 दिसंबर को सार्वजनिक सुनवाई की बात भी सामने आई है।

फिलहाल जेनसन हुआंग अपनी कुर्सी पर वापस हैं। लेकिन 11 दिनों में जो कुछ हुआ, उसने दुनिया को दिखा दिया कि AI की इस नई दुनिया में एक CEO का पद सिर्फ कंपनी चलाने तक सीमित नहीं है। यह अरबों डॉलर की अर्थव्यवस्था, अमेरिका-चीन की टेक जंग और राष्ट्रीय सुरक्षा से भी जुड़ चुका है। हुआंग वापस आ गए हैं... लेकिन अब उनके सामने सिर्फ Nvidia को आगे बढ़ाने की चुनौती नहीं, बल्कि खुद को विवादों से बाहर निकालने की चुनौती भी है।

Created On :  

Tags

Next Story