Breaking News: आज की बड़ी खबरें 18 अक्टूबर 2025 हिंदी न्यूज लाइव

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। देश दुनिया में आज क्या घटा खास। जानिए दिनभर की तमाम बड़ी खबरें।
Live Updates
- 18 Oct 2025 9:22 AM IST
प्रदीप रंगनाथन की 'डूड' ने दीपावली पर मारी बॉक्स ऑफिस पर जोरदार एंट्री, पहले दिन की धांसू कमाई
तमिल सिनेमा में इन दिनों जहां बड़े सितारों की फिल्में बॉक्स ऑफिस पर एक के बाद एक दस्तक दे रही हैं, वहीं युवाओं के बीच लोकप्रिय हो चुके अभिनेता प्रदीप रंगनाथन की नई फिल्म 'डूड' ने भी रिलीज होते ही सभी का ध्यान अपनी ओर खींचा है।
- 18 Oct 2025 9:01 AM IST
दिल्ली के कर्तव्य पथ पर पहला भव्य दीपोत्सव, सीएम रेखा गुप्ता ने दिल्लीवासियों को किया आंमत्रित
अयोध्या में प्रभु श्रीराम के आगमन की गौरवमयी कथा को जीवंत करने का समय आ गया है। दिल्ली का कर्तव्य पथ शनिवार को पहली बार ऐतिहासिक दीपोत्सव की मेजबानी करने जा रहा है। 1 लाख 11 हजार दीपों की जगमगाहट, भव्य ड्रोन शो, राम कथा की सांस्कृतिक प्रस्तुतियां और सनातन चेतना का संगम इस उत्सव को अविस्मरणीय बनाएगा। इसके साथ ही दिल्लीवासी और देशवासी इस ऐतिहासिक क्षण के साक्षी बनेंगे।
- 18 Oct 2025 8:40 AM IST
पाकिस्तान की बमबारी में 3 अफगान खिलाड़ियों की मौत, त्रिकोणीय सीरीज से हटी टीम
पाकिस्तान और अफगानिस्तान के बीच सैन्य संघर्ष जारी है। पाकिस्तान ने एक बार फिर अफगानिस्तान पर एयरस्ट्राइक की है, जिसमें तीन अफगान खिलाड़ियों की मौत हो गई। अफगानिस्तान क्रिकेट बोर्ड (एसीबी) ने इसकी पुष्टि करते हुए पाकिस्तान के खिलाफ आगामी त्रिकोणीय सीरीज में हिस्सा न लेने का फैसला लिया है।
- 18 Oct 2025 8:23 AM IST
पंजाब बॉडी बिल्डर घुम्मन को इंसाफ दिलाने के लिए सड़कों पर उतरे लोग, निकाला कैंडल मार्च
विश्व प्रसिद्ध शाकाहारी बॉडी बिल्डर वरिंदर सिंह घुम्मन के निधन का मामला तूल पकड़ता जा रहा है। शुक्रवार को घुम्मन को इंसाफ दिलाने के लिए उनके पारिवारिक सदस्य और समर्थक सड़कों पर उतर आए। उनके समर्थकों ने जालंधर शहर में कैंडल मार्च निकाला।
- 18 Oct 2025 8:15 AM IST
बिहार चुनावः भाजपा के सिंबल पर मोहनिया से चुनाव लड़ेंगी संगीता कुमारी, शीर्ष नेतृत्व को दिया धन्यवाद
बिहार चुनाव में भाजपा ने मोहनिया विधानसभा सीट पर संगीता कुमारी को टिकट दिया है। निवर्तमान विधायक संगीता कुमारी ने कहा कि मैं पार्टी के शीर्ष नेतृत्व को बहुत-बहुत धन्यवाद देना चाहूंगी, जिन्होंने मुझे टिकट दिया है। मैं 18 अक्टूबर को नामांकन करूंगी। आप लोगों ने मुझे हमेशा अपनी बहू-बेटी के रूप में मान-सम्मान दिया है।
- 18 Oct 2025 8:10 AM IST
पीएम मोदी की आंखों से देश के 140 करोड़ लोगों ने विकसित भारत का सपना देखा है- गजेंद्र सिंह शेखावत
राजस्थान के दौसा में केंद्रीय मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने कहा, "आत्मनिर्भर भारत का मूल मंत्र स्वदेशी है। इसके लिए हम सभी को पहले अपने घर में स्वदेशी उत्पाद का उपयोग शुरू करना होगा, जिसके बाद दूसरों को उपयोग करने के लिए कह सकते हैं।"
Created On :   18 Oct 2025 8:00 AM IST