Breaking News: आज की बड़ी खबरें 19 जुलाई 2025 हिंदी न्यूज लाइव

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। देश दुनिया में आज क्या घटा खास। जानिए दिनभर की तमाम बड़ी खबरें।
Live Updates
- 19 July 2025 11:10 AM IST
यमुना एक्सप्रेस-वे पर भीषण हादसे में 6 की मौत
मथुरा में यमुना एक्सप्रेस-वे पर एक दर्दनाक हादसे की खबर सामने आई है। यहां एक इको गाड़ी को अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। इस दुर्घटना में 6 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं दो महिलाएं गंभीर रूप से घायल हैं। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
- 19 July 2025 11:00 AM IST
इजरायल और सीरिया के बीच हुआ युद्धविराम
इजरायल के द्वारा सीरिया पर हमला करने के बाद मिडिल ईस्ट में तनाव का माहौल बना था। लेकिन, अब इजरायल और सीरिया सीजफायर के लिए मान गए हैं। अमेरिकी राजदूत ने यह दावा किया है। उन्होंने सीरिया के लड़ाकों से हथियार न उठाने की गुजारिश की है।
- 19 July 2025 10:51 AM IST
चांदी के भाव बढ़े
भारतीय सर्राफा बाजार में चांदी (Silver)की कीमतों में एक बार फिर से तेजी देखने को मिल रही है। बीते दिन के मुकाबले आज सिल्वर के रेट में 3000 रुपए प्रति किलोग्राम तक की बढ़त देखी गई है। जिसके बाद आज अधिकांश शहरों में चांदी का भाव 1,16,000 रुपए प्रति किलोग्राम है।
- 19 July 2025 10:43 AM IST
'4 से 5 लड़ाकू विमान गिराए', भारत-पाकिस्तान जंग पर ट्रंप ने कर दिया एक और दावा, फिर लिया सीजफायर का क्रेडिट
अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने भारत-पाकिस्तान जंग को लेकर एक नया दावा कर दाया है। उन्होंने कहा कि पहलगाम आतंकी हमले के बाद भारत-पाक में शुरू हुई लड़ाई के दौरान 4 से 5 फाइटर जेट्स मार गिराए थे। इतना ही नहीं बल्कि ट्रंप ने एक बार फिर दोनों देशों के बीच सीजफायर का क्रेडिट लिया। उन्होंने ट्रेड के नाम पर दोनों के बीच जंग रुकवाने की बात की।
- 19 July 2025 10:40 AM IST
सोने की चमक बढ़ी
भारतीय सर्राफा बाजार में सोने (Gold) की कीमतों में एक बार फिर से तेजी देखने को मिल रही है। लेटेस्ट अपडेट के अनुसार, राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली के अलावा नोएडा, गाजियाबाद, लखनऊ, और जयपुर जैसे शहरों में 22 कैरेट गोल्ड की कीमत 1,00,000 रुपए प्रति 10 ग्राम से अधिक हो गई है। वहीं 24 कैरेट सोने की कीमत 99,400 रुपए प्रति 10 ग्राम से अधिक है।
- 19 July 2025 10:32 AM IST
न्यायमूर्ति अपरेश कुमार सिंह आज तेलंगाना हाईकोर्ट के मुख्य न्यायाधीश के रूप में शपथ लेंगे
न्यायमूर्ति अपरेश कुमार सिंह शनिवार को तेलंगाना उच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश के रूप में शपथ लेंगे। सुप्रीम कोर्ट कॉलेजियम ने 28 मई को उनके स्थानांतरण की सिफारिश की थी। केंद्र सरकार ने सोमवार को त्रिपुरा उच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश अपरेश कुमार सिंह का तबादला तेलंगाना उच्च न्यायालय में कर दिया। वह न्यायमूर्ति सुजॉय पॉल की जगह लेंगे, जिन्हें कलकत्ता उच्च न्यायालय स्थानांतरित किया गया है।
- 19 July 2025 10:30 AM IST
कई शहरों में बदल गए पेट्रोल-डीजल के रेट
आज गुड़गांव में पेट्रोल और डीजल 07-07 पैसे कम होकर क्रमश: 95.44 रुपए और 87.90 रुपए प्रति लीटर हो गया है। इसी प्रकार बैंगलोर में भी पेट्रोल और डीजल 07-07 पैसे घटकर क्रमश: 102.92 रुपए और 90.99 रुपए प्रति लीटर हो गया है। जबकि, भुवनेश्वर में पेट्रोल और डीजल 05-05 पैसे बढ़कर क्रमश: 101.16 रुपए और 92.74 रुपए प्रति लीटर हो गया है। तिरुवनंतपुरम में भी पेट्रोल 18 पैसे बढ़कर 107.48 रुपए प्रति लीटर और डीजल 30 पैसे महंगा होकर 96.48 रुपए प्रति लीटर हो गया है।
- 19 July 2025 10:21 AM IST
'चुनाव आयोग पत्थर, भाजपा मालिक', उद्धव ठाकरे का केंद्र पर तीखा वार
शिवसेना (यूबीटी) प्रमुख उद्धव ठाकरे ने चुनाव आयोग को 'पत्थर' करार दिया है। शिवसेना-यूबीटी के मुखपत्र 'सामना' को दिए एक इंटरव्यू में उन्होंने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा), चुनाव आयोग, केंद्र सरकार की नीतियों और महाराष्ट्र की वर्तमान स्थिति पर तीखी टिप्पणी की। उद्धव ठाकरे ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि 'ठाकरे ब्रांड' को समाप्त करने की कोशिश हो रही है, लेकिन जनता ही उन प्रयासों को निष्फल करेगी।
- 19 July 2025 10:21 AM IST
महानगरों में नहीं बदली ईंधन की कीमत
आज देश की राजधानी दिल्ली में पेट्रोल 94.77 रुपए और डीजल 87.67 रुपए प्रति लीटर मिल रहा है। वहीं आर्थिक राजधानी मुंबई में पेट्रोल की कीमत 103.44 रुपए, तो एक लीटर डीजल 89.97 रुपए में उपलब्ध है। इसी तरह कोलकाता में एक लीटर पेट्रोल 104.95 रुपए में उपलब्ध है, जबकि यहां डीजल 91.76 प्रति लीटर है। चेन्नई में भी आपको एक लीटर पेट्रोल के लिए 101.03 रुपए चुकाना होंगे, वहीं यहां डीजल की कीमत 92.61 रुपए प्रति लीटर है।
- 19 July 2025 10:11 AM IST
कच्चे तेल की कीमत घटी
अंतर्राष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में एक बार फिर से गिरावट देखने को मिली है। लेटेस्ट अपडेट के अनुसार, आज (19 जुलाई 2025) की सुबह ब्रेंट क्रूड ऑयल 69.20 डॉलर प्रति बैरल पर कारोबार करता नजर आया। जबकि, एक दिन पहले कच्चे तेल कीमत मामूली बढ़ी थी और यह 69.88 डॉलर प्रति बैरल था।
Created On :   19 July 2025 8:00 AM IST