Breaking News: आज की बड़ी खबरें 26 जुलाई 2025 हिंदी न्यूज लाइव

आज की बड़ी खबरें 26 जुलाई 2025 हिंदी न्यूज लाइव
26 जुलाई 2025 दैनिक भास्कर में आज की ताजा बड़ी खबरें, दुनिया, देश, राजनीति, खेल, मनोरंजन, व्यापार, टेक्नोलॉजी, शिक्षा, जुर्म, जीवन शैली एवं राशिफल की हिंदी न्यूज़ पढ़ें

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। देश दुनिया में आज क्या घटा खास। जानिए दिनभर की तमाम बड़ी खबरें।

Live Updates

  • 26 July 2025 10:51 AM IST

    कई शहरों में हुआ बदले ईंधन के रेट

    आज गुड़गांव में पेट्रोल और डीजल 15-15 पैसे कम होकर 95.41 रुपए और 87.87 रुपए प्रति लीटर हो गया है। वहीं नोएडा में पेट्रोल 10 पैसे कम होकर 94.77 रुपए और डीजल 12 पैसे घटकर 87.89 रुपए प्रति लीटर हो गया है। इसी प्रकार लखनऊ में पेट्रोल 17 पैसे कम होकर 94.52 रुपए और डीजल 20 पैसे सस्ता होकर 87.61 रुपए प्रति लीटर हो गया है। जबकि, भुवनेश्वर में पेट्रोल और डीजल 17- 17 पैसे बढ़कर क्रमश: 101.11 रुपए और 92.69 रुपए प्रति लीटर हो गया है। 

  • 26 July 2025 10:38 AM IST

    कच्चे तेल की कीमत घटी

    कच्चे तेल की कीमत में बीते दिनों से लगातार गिरावट देखने का मिल रही है। लेटेस्ट अपडेट के अनुसार, इसमें मामूली गिरावट देखी गई है। आज (26 जुलाई 2025) की सुबह ब्रेंट क्रूड ऑयल 68.71 डॉलर प्रति बैरल पर कारोबार करता नजर आया। जबकि, एक दिन पहले कच्चे तेल कीमत 69.74 डॉलर प्रति बैरल थी।

  • 26 July 2025 10:26 AM IST

    महानगरों में नहीं बदली पेट्रोल डीजल की कीमत

    आज देश की राजधानी दिल्ली में पेट्रोल 94.77 रुपए और डीजल 87.67 रुपए प्रति लीटर मिल रहा है। वहीं आर्थिक राजधानी मुंबई में पेट्रोल की कीमत 103.44 रुपए, तो एक लीटर डीजल 89.97 रुपए में उपलब्ध है। इसी तरह कोलकाता में एक लीटर पेट्रोल 104.95 रुपए में उपलब्ध है, जबकि यहां डीजल 91.76 प्रति लीटर है। चेन्नई में भी आपको एक लीटर पेट्रोल के लिए 101.03 रुपए चुकाना होंगे, वहीं यहां डीजल की कीमत 92.61 रुपए प्रति लीटर है।

  • 26 July 2025 10:13 AM IST

    हरियाणा दो दिवसीय परीक्षा सीईटी परीक्षा आज से, 13 लाख अभ्यर्थी होंगे शामिल

    हरियाणा में दो दिन चलने वाली सामान्य पात्रता परीक्षा (सीईटी)-2025 शनिवार से शुरू हो रही है। सभी जिलों के एग्जाम सेंटर्स पर पहली पारी में सुबह 10 बजे से परीक्षा शुरू होगी, जो 11.45 बजे तक चलेगी। दूसरी में परीक्षा दोपहर 3.15 बजे से 5 बजे तक होगी। राज्य सरकार ने सीईटी परीक्षा को पारदर्शी, सुचारू और निष्पक्ष संचालन को सुनिश्चित करने के लिए व्यापक उपाय किए हैं।

  • 26 July 2025 10:04 AM IST

    'दिल में कुछ, जुबान पर कुछ और', राहुल गांधी पर मायावती का तंज

    लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने पिछड़े समाज से ‘माफी’ मांगते हुए, यह स्वीकार किया कि कांग्रेस और उन्होंने व्यक्तिगत रूप से, पिछड़े वर्गों के लिए उतना काम नहीं किया जितना किया जाना चाहिए था। उन्होंने इसे अपनी गलती बताया है। इस मुद्दे पर बहुजन समाज पार्टी (बसपा) की राष्ट्रीय अध्यक्ष मायावती ने प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष द्वारा यह स्वीकार करना कि पिछड़े समाज को उनका हक दिलाने में कांग्रेस खरी नहीं उतरी, यह कोई नई बात नहीं है, बल्कि यह दिल में कुछ और जुबान पर कुछ और जैसी स्वार्थ की राजनीति ज्यादा लगती है।

  • 26 July 2025 9:53 AM IST

    कंबोडिया-थाईलैंड तनाव: भारतीय नागरिकों के लिए एडवाइजरी

    कंबोडिया स्थित भारतीय दूतावास ने देश में रह रहे भारतीय नागरिकों के लिए एक एडवाइजरी जारी की है। कंबोडिया और थाईलैंड के बीच तनाव को देखते हुए भारतीयों को यह सलाह दी जाती है कि वह यहां यात्रा करने से बचें। किसी भी आपात स्थिति में, भारतीय नागरिक भारतीय दूतावास, को पोन नंबर +855 92881676 के जरिए संपर्क कर सकते हैं। इसके अलावा वह cons.phnompenh@mea.gov.in पर ईमेल भी कर सकते हैं।

  • 26 July 2025 9:52 AM IST

    इस्तांबुल में शिखर सम्मेलन आयोजित करना चाहता है तुर्किए, एर्दोआन करेंगे पुतिन और ट्रंप से बात

    तुर्किए के राष्ट्रपति रेसेप तयैप एर्दोआन ने बताया कि वह इस्तांबुल में शिखर सम्मेलन आयोजित करने की संभावना तलाशने के लिए इस हफ्ते रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन और अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप से बात कर सकते हैं। एर्दोआन ने शुक्रवार को इस्तांबुल में पत्रकारों से कहा, "आने वाले समय में संभवतः इसी हफ्ते में हम पुतिन और ट्रंप के साथ आगे की बातचीत करने की कोशिश करेंगे। हम देखेंगे कि क्या हम इन नेताओं को इस्तांबुल में एक साथ ला सकते हैं। यही हमारी कोशिश है।"

  • 26 July 2025 9:44 AM IST

    ऑल्ट ऐप पर बैन एकता कपूर की सफाई, '2021 से नहीं है कोई संबंध'

    केंद्र सरकार ने उल्लू और ऑल्ट जैसे 25 ऐप्स को आपत्तिजनक और अश्लील कंटेंट दिखाए जाने के चलते बैन कर दिया है। जिसके बाद मीडिया रिपोर्ट्स में कई तरह के दावे होने लगे कि ऑल्ट एकता कपूर की कंपनी की सब्सिडियरी के स्वामित्व वाली ऐप है। वहीं किसी ने कहा कि बैन के बाद एकता कपूर को काफी नुकसान हुआ है। इन्हीं दावों के बीच एकता कपूर की तरफ से आधिकारिक बयान जारी किया गया है, जिसमें कहा गया कि एकता कपूर ऑल्ट बालाजी से किसी भी तरह से जुड़ी हुई नहीं हैं। उन्होंने 2021 में ऐप से दूरी बना ली थी।

  • 26 July 2025 9:32 AM IST

    बिहार गोपालगंज में पुलिस मुठभेड़ में ईनामी अपराधी घायल, अस्पताल में भर्ती

    बिहार के गोपालगंज में पुलिस और अपराधियों के बीच मुठभेड़ हुई है। इस दौरान पुलिस की गोली से एक अपराधी के घायल होने की खबर है। पुलिस ने घायल अपराधी को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया है।

  • 26 July 2025 9:14 AM IST

    गाजियाबाद यूपी गेट के पास बिजलीघर में भीषण आग, 9 फायर टेंडरों ने पाया काबू

    गाजियाबाद में बीती रात यूपी गेट के पास एक बिजली घर में देर रात करीब 11:55 बजे भीषण आग लग गई। आग लगने के बाद फायर विभाग को सूचना दी गई, लेकिन आग इतनी तेज थी कि अतिरिक्त संसाधनों की जरूरत पड़ी। कड़ी मेहनत के बाद दमकल विभाग ने आग पर काबू पा लिया।

Created On :   26 July 2025 8:00 AM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story