Breaking News: आज की बड़ी खबरें 31 मई 2025 हिंदी न्यूज लाइव

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। देश दुनिया में आज क्या घटा खास। जानिए दिनभर की तमाम बड़ी खबरें।
Live Updates
- 31 May 2025 9:53 PM IST
अंकिता भंडारी हत्याकांड पर उत्तराखंड के DGP दीपम सेठ का बयान
अंकिता भंडारी हत्याकांड पर उत्तराखंड के DGP दीपम सेठ ने कहा, "जब यह घटना हुई थी तो पुलिस की त्वरित कार्रवाई के कारण 24 घंटे के भीतर तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया था। घटना की गंभीरता को देखते हुए मुख्यमंत्री के निर्देशानुसार SIT गठित की गई और DIG रैंक की महिला अधिकारी को इसका अध्यक्ष बनाया गया। सभी साक्ष्य एकत्र किए गए। फास्ट ट्रैक कोर्ट में मुकदमा चलाया गया और तीनों आरोपियों को कोर्ट ने सजा सुनाई है। न्यायालय द्वारा आजीवन कठोर कारावास की सजा सुनाई गई है।"
- 31 May 2025 9:42 PM IST
आगे की चर्चा प्रेस कॉन्फ्रेंस में की जाएगी- उत्तर प्रदेश के नवनियुक्त पुलिस महानिदेशक (DGP) राजीव कृष्ण
उत्तर प्रदेश के नवनियुक्त पुलिस महानिदेशक (DGP) राजीव कृष्ण ने कहा, "मैंने (नए DGP के रूप में) कार्यभार संभाल लिया है। आगे की चर्चा प्रेस कॉन्फ्रेंस में की जाएगी।"
- 31 May 2025 9:28 PM IST
बिहार में आईएएस अधिकारियों का बड़ा फेरबदल
बिहार में शनिवार को बड़ी संख्या में भारतीय प्रशासनिक सेवा (आईएएस) के अधिकारियों का तबादला किया गया है। इसमें अधिकांश जिलों के जिलाधिकारी शामिल हैं। पटना के जिलाधिकारी चंद्रशेखर सिंह का भी तबादला कर दिया गया है। उनके स्थान पर गया के जिलाधिकारी एसएम त्यागराजन को पटना का जिलाधिकारी बनाया गया है।
- 31 May 2025 9:20 PM IST
मिस वर्ल्ड फिनालेः टॉप-8 से बाहर हुईं भारत की नंदिनी गुप्ता
हैदराबाद के हाईटेक्स एग्जीबिशन सेंटर में मिस वर्ल्ड 2025 का फिनाले शुरू हो चुका है। भारत की नंदिनी गुप्ता 108 देशों की कंटेस्टेंट्स से मुकाबले में टॉप-20 में शामिल हो चुकी थी, लेकिन वो टॉप-8 तक नहीं पहुंच सकीं।
- 31 May 2025 9:18 PM IST
नोएडा में ओवरलोड वाहनों पर सख्त कार्रवाई
जिलाधिकारी मनीष कुमार वर्मा के निर्देश पर गौतमबुद्ध नगर में ओवरलोड वाहनों के खिलाफ परिवहन विभाग सख्त कार्रवाई कर रहा है। इसी क्रम में मई में परिवहन विभाग ने 146 ओवरलोड वाहनों को चिह्नित कर उनका चालान किया और उन्हें बादलपुर व सेक्टर-62 में जब्त किया गया। इस दौरान कुल 70 लाख 40 हजार रुपए का चालान शुल्क वसूला गया।
- 31 May 2025 9:08 PM IST
बिहार भाजपा में दिलीप जायसवाल ने बनाई नई टीम
बिहार में इस साल विधानसभा चुनाव होने वाले हैं। उससे पहले सभी राजनीतिक पार्टियां अपनी तैयारी में जुटी हैं। इस बीच, बिहार भाजपा अध्यक्ष दिलीप जायसवाल ने अपनी टीम घोषित कर दी है। उनकी टीम में कई पुराने चेहरों को भी स्थान दिया गया है। जबकि, कई नए चेहरों को भी लाया गया है। गौर करने वाली बात है कि भाजपा अध्यक्ष दिलीप जायसवाल ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दो दिवसीय बिहार दौरे के तुरंत बाद यह घोषणा की है। पीएम मोदी इस दौरे के क्रम में भाजपा प्रदेश कार्यालय भी पहुंचे थे और पार्टी के नेताओं के साथ बैठक की थी।
- 31 May 2025 8:51 PM IST
अहिल्याबाई होल्कर की 300वीं जन्मजयंती पर सांगली के चित्रकार ने बनाई अद्भुत रंगोली
अहिल्याबाई होल्कर की 300वीं जन्मजयंती के अवसर पर उनकी स्मृति में महाराष्ट्र के सांगली के चित्रकार आदम अली मुजावर ने 400 किलोग्राम रंग और पेपर के इस्तेमाल से एक ऐसी रंगोली बनाई है, जिसके रिकॉर्ड बुक में दर्ज होने की उन्हें उम्मीद है। सांगली के चित्रकार आदम अली मुजावर ने बताया कि वह रंगोली कलाकार के साथ एक शिक्षक भी हैं। उन्होंने अहिल्या देवी होलकर की रंगोली बनाई है। इसे बनाने में 200 किलोग्राम रंग और 200 किलोग्राम पेपर का इस्तेमाल किया गया है। रंगोली 80 फीट लंबी और 60 फीट चौड़ी है। इसे बनाने में तीन दिन का समय लगा।
- 31 May 2025 8:41 PM IST
सचिन ने रजत, अनिमेष ने कांस्य जीता, भारत ने कुल 24 पदक जीते
भाला फेंक खिलाड़ी सचिन यादव ने अपने पहले अंतरराष्ट्रीय इवेंट में व्यक्तिगत सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करते हुए रजत पदक, जबकि धावक अनिमेष कुजूर ने कांस्य पदक जीता। भारतीय एथलीटों ने कड़ी मेहनत की और दक्षिण कोरियाई शहर गुमी में शनिवार को 26वीं एशियाई एथलेटिक्स चैंपियनशिप के अंतिम दिन अच्छा प्रदर्शन किया। उनके प्रयासों से भारत के कुल पदकों की संख्या 24 हो गई, जिससे देश चीन के बाद अंतिम स्टैंडिंग में दूसरे स्थान पर रहा।
- 31 May 2025 8:31 PM IST
भारतीय धाविकाओं ने एशियन चैंपियनशिप में जीता रिले में रजत पदक
भारत की महिला 400 मीटर रिले टीम ने दक्षिण कोरिया के गुमी में आयोजित 2025 एशियन एथलेटिक्स चैंपियनशिप में शानदार प्रदर्शन करते हुए 43.86 सेकंड के समय के साथ रजत पदक अपने नाम किया। इस टीम में श्राबणी नंदा, अभिनया राजराजन, एस.एस. स्नेहा और निथ्या गांधी शामिल थीं। चीन ने 43.28 सेकंड में दौड़ पूरी कर स्वर्ण पदक जीता, जबकि थाईलैंड ने 44.26 सेकंड के साथ कांस्य पदक हासिल किया।
- 31 May 2025 8:25 PM IST
नागपुर शहर के सीए रोड से बाघिन के दो शावक हो गए चोरी
यह सच है कि सीए रोड से बाघिन के दो शावक (पुतले) चोरी हो गए हैं। यह दूसरी बार हुआ है। इस चोरी के बारे में मनपा के अधिकारी को जानकारी तक नहीं है। नागपुर शहर को स्वच्छ व सुंदर बनाने के लिए करोड़ों रुपए की योजनाएं साकार हो रही हैं। सौंदर्यीकरण के लिए शहरभर के चौराहों पर विविध प्रकार के पुतले स्थापित किए गए हैं। इनकी निगरानी व रखरखाव पर कोई ध्यान नहीं दे रहा है। शहर की व्यस्ततम मुख्य सड़क सेंट्रल एवेन्यू रोड के एक स्थान पर बाघिन के साथ उसके तीन शावक स्थापित किए गए थे। अब यहां बाघिन और एक शावक हैं। दो शावक चोरी हो चुके हैं।
Created On :   31 May 2025 8:00 AM IST