Breaking News: आज की बड़ी खबरें 31 मई 2025 हिंदी न्यूज लाइव

आज की बड़ी खबरें 31 मई 2025 हिंदी न्यूज लाइव
31 मई 2025 दैनिक भास्कर में आज की ताजा बड़ी खबरें, दुनिया, देश, राजनीति, खेल, मनोरंजन, व्यापार, टेक्नोलॉजी, शिक्षा, जुर्म, जीवन शैली एवं राशिफल की हिंदी न्यूज़ पढ़ें

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। देश दुनिया में आज क्या घटा खास। जानिए दिनभर की तमाम बड़ी खबरें।

Live Updates

  • 31 May 2025 6:00 PM IST

    बकरीद के नाम पर हिंसा, क्रूरता व अवैध गतिविधियों पर लगे विराम डॉ सुरेंद्र जैन

    विश्व हिन्दू परिषद (वीएचपी) के संयुक्त महामंत्री डॉ सुरेंद्र जैन ने ईद उल अजहा पर की जाने वाली कुर्बानी को लेकर मुस्लिम समुदाय से अपील है कि वह भी संवेदनशीलता का परिचय दें और ईको-फ्रेंडली ईद मनाएं। डॉ सुरेंद्र जैन ने शनिवार को बकरीद के नाम पर होने वाली हिंसा, क्रूरता व अवैध गतिविधियों पर विराम लगाने की मांग करते हुए कथित पर्यावरण प्रेमियों के साथ उसके पूरे ईको सिस्टम की इस मामले में चुप्पी पर भी गंभीर सवाल खड़े किए। उन्होंने कहा कि दीपावली, होली आदि हिंदू त्योहारों पर तथाकथित पर्यावरण प्रेमी हिंदुओं को सांकेतिक रूप में या इको फ्रेंडली होली, दीपावली मनाने की अपील करते हैं। कुछ जगह न्यायपालिका का एक वर्ग भी स्वतः संज्ञान लेकर उपदेशात्मक आदेश भी देता देखा गया है। किंतु, बकरीद पर होने वाली कुर्बानी को लेकर ये सभी कथित पर्यावरणविद चुप्पी क्यों साध लेते हैं।

  • 31 May 2025 5:56 PM IST

    भाजपा नेत्री के पुत्र के अश्लील वीडियो वायरल मामले में मंत्री जयवीर ने कहा- बहुत पहले ही पार्टी से निकाली जा चुकी हैं

    उत्‍तर प्रदेश के कैबिनेट मंत्री जयवीर सिंह ने भाजपा नेत्री के पुत्र के अश्लील वीडियो वायरल होने और सपा नेता अखिलेश यादव के उस पर निशाने साधने के मामले में प्रेस वार्ता की। उन्‍होंने शनिवार कहा कि भाजपा नेत्री को पार्टी से बहुत पहले निकाल दिया गया था। वह पार्टी के खिलाफ काम कर रही थीं और ऐसी गतिविधियां में शामिल होने के कारण उन्हें पार्टी से निकाला गया था। उन्होंने कहा कि महिला नेत्री को बहुत पहले से किसी कार्यक्रम में न बुलाया जाता है, न ही वह पार्टी की कोई महिला नेत्री और पदाधिकारी हैं।

  • 31 May 2025 5:50 PM IST

    दिल्ली सरकार के 100 दिन मंत्रियों ने गिनाईं उपलब्धियां, विपक्ष पर साधा निशाना

    दिल्ली सरकार ने अपने 100 दिन पूरे होने पर अपनी उपलब्धियों के बारे में जानकारी दी और विपक्ष पर जमकर निशाना साधा। दिल्ली सरकार में मंत्री पंकज सिंह, मनजिंदर सिंह सिरसा और आशीष सूद ने समाचार एजेंसी आईएएनएस से बातचीत में सरकार के कामकाज की सराहना की और विपक्ष की आलोचनाओं को खारिज किया। दिल्ली सरकार में मंत्री पंकज सिंह ने कहा कि उनकी सरकार ने स्वास्थ्य, शिक्षा और बुनियादी सुविधाओं जैसे क्षेत्रों में ठोस काम किया है। उन्होंने विपक्ष पर झूठे वादे करने और जनता को गुमराह करने का आरोप लगाया।

  • 31 May 2025 5:47 PM IST

    रोहित के साथ खेलना खुशी की बात है बेयरस्टो

    इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) 2025 के एलिमिनेटर मैच में मुंबई इंडियंस द्वारा गुजरात टाइटन्स को 20 रनों से हराने में अहम भूमिका निभाने वाले विकेटकीपर-बल्लेबाज जॉनी बेयरस्टो ने कहा कि अनुभवी सलामी बल्लेबाज रोहित शर्मा के साथ बल्लेबाजी करना खुशी की बात है और उन्हें बल्ले से धमाकेदार शुरुआत देने वाले सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ियों में से एक बताया। रयान रिकलेटन के लिए देर से प्रतिस्थापन के रूप में आने के बाद अपना पहला आईपीएल 2025 मैच खेलते हुए, बेयरस्टो ने रोहित के साथ पहले विकेट के लिए 44 गेंदों पर 84 रनों की धमाकेदार साझेदारी की, जिन्होंने 50 गेंदों पर 81 रनों की पारी खेली, जिससे मुंबई ने 228/5 का विशाल स्कोर बनाया।

  • 31 May 2025 5:40 PM IST

    सूडान में हैजा के मामलों में बढ़ोतरी, एक हफ्ते में 2,729 नए संक्रमण के मामले

    सूडान में, खासतौर से राजधानी खार्तूम में हैजा के मामलों में बढ़ोतरी देखने को मिल रही है। इस बीच, सूडानी स्वास्थ्य मंत्रालय ने घोषणा की है कि उसे हैजा के टीके की 29 लाख से अधिक डोज़ प्राप्त हुई हैं। हैजा एक गंभीर बीमारी है, जो गंदे पानी या बासी खाने से फैलती है। इससे डायरिया और पानी की कमी हो सकती है। इलाज न होने पर यह जानलेवा भी हो सकता है।

  • 31 May 2025 5:37 PM IST

    न्यायपालिका में विधायिका व कार्यपालिका को हस्तक्षेप नहीं करना चाहिए: जस्टिस खोत

    हाई कोर्ट के नवनियुक्त न्यायाधीश दीपक खोत ने कहा कि न्यायपालिका की स्वतंत्रता ही उसकी विशिष्टता है। स्वतंत्र न्यायपालिका ही निष्पक्ष व निर्बाध रूप से न्यायदान प्रक्रिया को मूर्तरूप दे सकती है। न्यायपालिका के कार्य में विधायिका व कार्यपालिका को किसी भी तरह का हस्तक्षेप नहीं करना चाहिए। स्वतंत्र न्यायपालिका किसी से प्रभावित हुए बिना कार्य में विश्वास रखती है। वे शुक्रवार को हाई कोर्ट के कोर्ट रूम नंबर एक में आयोजित शपथ ग्रहण समारोह में बोल रहे थे।

  • 31 May 2025 5:30 PM IST

    कृषि को उन्नत बनाने के लिए वैज्ञानिक-किसान संवाद जरूरी शिवराज सिंह चौहान

    केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने शनिवार को कहा कि विकसित राष्ट्र की दिशा में कृषि क्षेत्र को आगे बढ़ाने के लिए 'एक राष्ट्र, एक कृषि, एक टीम' के मंत्र के साथ एक व्यापक जन आंदोलन शुरू किया गया है। उन्होंने इस कार्यक्रम को एक "महाआंदोलन" करार दिया, जिसमें वैज्ञानिकों और किसानों के बीच सीधे संवाद और साझेदारी को प्राथमिकता दी जा रही है।

  • 31 May 2025 5:26 PM IST

    करुण नायर ने इंग्लैंड लायंस के खिलाफ दोहरा शतक लगाकर टेस्ट टीम में चयन के लिए अपना दावा मजबूत किया

    दाएं हाथ के बल्लेबाज करुण नायर ने 20 जून से लीड्स में इंग्लैंड के खिलाफ शुरू होने वाले पहले टेस्ट के लिए भारतीय टीम में चयन के लिए अपना दावा मजबूत किया है। उन्होंने कैंटरबरी में इंडिया ए और इंग्लैंड लायंस के बीच पहले रेड-बॉल मैच के दूसरे दिन शानदार दोहरा शतक जड़ा। नायर के लिए दूसरे दिन का खेल इससे बेहतर नहीं हो सकता था, उन्होंने नाबाद 186 रन से खेलना शुरू किया और एडी जैक की गेंद को लेग-साइड में घुमाकर अपना चौथा प्रथम श्रेणी दोहरा शतक बनाया। यह इंडिया ए के लिए उनका पहला 200 से अधिक का स्कोर भी है। यह प्रथम श्रेणी क्रिकेट में उनका चौथा दोहरा शतक है।

  • 31 May 2025 5:20 PM IST

    फ्लाईओवर एक्सटेंशन- थोड़ी सी बारिश में ही कीचड़ से लथपथ हो गई सड़क

    दमोहनाका फ्लाईओवर एक्सटेंशन के नीचे इन दिनों जनता की शामत है। इस पूरे एक से डेढ़ किलोमीटर के इलाके से निकलने में जनता अच्छी खासी परेशानी का सामना कर रही है। सुबह इस निर्माणाधीन फ्लाईओवर के नीचे सड़कों पर कीचड़ और गड्ढों की वजह से एक-एक पग भारी हो जाता है। शाम होते-होते जब सड़कों का पानी सूख जाता है तो धूल का गुबार जनता को हलाकान कर देता है।

  • 31 May 2025 5:15 PM IST

    दिल्ली सरकार के 100 दिन पूरे होने पर मंत्री मनजिंदर सिंह सिरसा का बयान

    दिल्ली सरकार के 100 दिन पूरे होने पर दिल्ली सरकार में मंत्री मनजिंदर सिंह सिरसा ने कहा, "ये 100 दिन ऐतिहासिक 100 दिन हैं। देश के प्रधानमंत्री ने जो दिल्ली को बदलने का संकल्प लिया उस पर मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता रात-दिन काम कर रही हैं। पिछले 10 सालों में इतनी तेजी से काम शुरू नहीं हुआ जो इन 100 दिनों में हुआ है। इन 100 दिनों में दिल्ली बदलती दिखी है। दिल्ली में काम होता दिखा है। काम करने वाली सरकार आई है।"

Created On :   31 May 2025 8:00 AM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story