Air India Flight: कोच्चि से आ रहा एयर इंडिया का विमान रनवे पर फिसला, फटे तीनों टायर, मुंबई एयरपोर्ट पर टला बड़ा हादसा

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। एयर इंडिया का एक और विमान क्षतिग्रस्त हो गया है। कोच्चि से आ रहा प्लेन मुंबई एयरपोर्ट के रनवे पर फिसल गया। जिससे विमान के तीनों टायर फट गए। यह घटना लैंडिंग के दौरान हुई। गनीमत रही कि पायलट, क्रू मेंबर्स और यात्रियों को कोई नुकसान नहीं पहुंचा। सभी बिलकुल सुरक्षित हैं। जानकारी के मुताबिक, जब विमान लैंड करने जा रहा था उस वक्त मुंबई में काफी तेज बारिश हो रही थी जिसके चलते लैंडिंग में थोड़ी दिक्कत आ गई। यही वजह थी कि प्लेन के पहिये स्लिप हो गए।
एयर इंडिया ने जारी किया बयान
एयर इंडिया ने इस घटना के बारे में अहम जानकारी साझा की। एयरलाइंस ने बताया कि विमान में मौजूद सभी लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया है। एयरलाइन के प्रवक्ता ने कहा कि 21 जुलाई को कोच्चि से मुंबई के लिए उड़ान भरने वाले प्लेन AI2744 मुंबई एयरपोर्ट पर लैंडिंग के दौरान रनवे पर फिसल गया। प्लेन सुरक्षित रूप से गेट तक पहुंच गया और सभी यात्रियों को सुरक्षित निकाल लिया गया। प्लेन को जांच के लिए अस्थायी रूप से ग्राउंड कर दिया गया है।
CSMIA ने दी जानकारी
छत्रपति शिवाजी महाराज अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे (सीएसएमआईए) ने भी इस घटना पर बयान जारी कर दिया है। CSMIA ने कहा कि सोमवार (21 जुलाई) को सुबह 09:27 बजे कोच्चि से आ रही एक फ्लाइट मुंबई एयरपोर्ट के रनवे पर लैंड होते समय स्लिप हो गई। घटना के तुरंत बाद CSMIA की इमरजेंसी रेस्पॉन्स टीम फौरन मौके पर पहुंच गई। सभी पैसेंजर्स और क्रू मेंबर्स को विमान से बाहर निकाल लिया गया। सभी यात्री सुरक्षित हैं। मैन रनवे 09/27 को मामूली नुकसान की जानकारी प्राप्त हुई है। संचालन की निरंतरता सुनिश्चित करने के लिए, सेकेंडरी रनवे 14/32 को सक्रिय कर दिया गया है। CSMIA में सुरक्षा हमेशा हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता रहती है।
Created On :   21 July 2025 2:10 PM IST















