वंदे भारत अभियान : किर्गिस्तान में फंसे लोग विशेष विमान से संतरानगरी पहुंचे

वंदे भारत अभियान : किर्गिस्तान में फंसे लोग विशेष विमान से संतरानगरी पहुंचे

Tejinder Singh
Update: 2020-06-21 13:12 GMT
वंदे भारत अभियान : किर्गिस्तान में फंसे लोग विशेष विमान से संतरानगरी पहुंचे

डिजिटल डेस्क, नागपुर। दुनियाभर में फंसे भारतीय लोगों को वापस लाने का सिलसिला लगातार बना हुआ है। इसी कड़ी में शनिवार देर रात एयर इंडिया के विशेष विमान से महाराष्ट्र और छत्तीसगढ़ के रहने वाले 147 लोगों को किर्गिस्तान की राजधानी बिश्केक से संतरानगरी विमानतल पर लाया गया। इसमें कुछ लोगों को छोड़कर ज्यादातर विद्यार्थी शामिल थे। डॉ.बाबासाहब आंबेडकर अंतरराष्ट्रीय विमानतल पर पहुंचने के बाद उनको उनके घर पहुंचाने की व्यवस्था की गई।

वंदे भारत अभियान में छत्तीसगढ़ और महाराष्ट्र के 147 लोग लाए

जानकारी के अनुसार वंदे भारत अभियान में विदेश में फंसे लोगों को विशेष विमान से दूसरी बार लाया गया। शनिवार रात को नागपुर लाए गए 147 लोगों में 74 लोग छत्तीसगढ़ और 73 लोग महाराष्ट्र के थे। इसमें करीब 10 लोग सिर्फ नागपुर के थे जबकि अन्य लोग आस-पास के रहने वाले थे। विदेश से आने वाले लोगों को उनके गांव, शहर या घर जाने के लिए विमानतल पर काउंटर बनाकर अनुमति दी गई। छत्तीसगढ़ के लोगों के लिए राज्य सरकार द्वारा बसों की व्यवस्था की थी जिसके बाद उनको बसों से सीधे छत्तीसगढ़ भेज दिया गया। विदेश से आने वाले प्रत्येक व्यक्ति को क्वारेंटाइन होना अनिवार्य है। इस वजह से सभी लोग जहां भी जाएंगे क्वारेंटाइन होकर रहेंगे।

क्रू मेंबर बदलने दिल्ली होकर आया विमान

एयर इंडिया के इस विमान ने दिल्ली से उड़ान भरी थी। किर्गिस्तान के बिश्केक तक पहुंचने का समय और फिर वहां से वापस आने में अधिक समय लगने की वजह से क्रू मेंबर की लैंडिंग और उड़ान का समय अधिक होने की वजह से विमान को दिल्ली में उतारा गया। दिल्ली में क्रू मेंबर बदलने के बाद दोबारा से विमान ने उड़ान भरी। नागपुर में यात्रियों को छोड़ने के बाद एकबार फिर विमान ने दिल्ली के लिए उड़ान भरी।

Tags:    

Similar News