विधानसभा चुनाव 2023: चुनावी राज्य मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ और तेलंगाना के लिए कांग्रेस ने जारी की उम्मीदवारों की सूची

  • कांग्रेस ने जारी की उम्मीदवारों की सूची
  • अगले महीने पांच राज्यों में होने वाले हैं विधानसभा के चुनाव

Bhaskar Hindi
Update: 2023-10-15 04:04 GMT

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। कांग्रेस पार्टी ने मध्य प्रदेश, तेलंगाना और छत्तीसगढ़ के लिए अपने प्रत्याशियों की लिस्ट जारी कर दी है। अगले महीने यानी नवंबर में पांच राज्यों में विधानसभा चुनाव होने वाले हैं। उन्हीं में से तीन राज्य मध्य प्रदेश, तेलंगाना और छत्तीसगढ़ के लिए कांग्रेस पार्टी ने अपने उम्मीदवारों का एलान कर दिया है। कांग्रेस की मौजूदा समय में इन तीनों राज्यों में से एक राज्य छत्तीसगढ़ में सरकार है।

राजस्थान विस चुनाव के लिए कांग्रेस ने आज अपनी सूची जारी नहीं की। खबरें हैं कि, इस राज्य को लेकर कांग्रेस बड़ी ही सतर्क है ऐसी कोई गलती नहीं करना चाहती जिससे राजस्थान का किला उससे छिन जाए। प्रदेश में मौजूदा समय में कांग्रेस की सरकार है। बीजेपी राजस्थान का किला जीतने के लिए पूरे चुनाव मोड में आ गई है। भाजपा ने 200 विधानसभा सीटों वाले इस राज्य के 41 सीटों पर अपने उम्मीदवार उतार दिए है।

मध्य प्रदेश के लिए कांग्रेस की लिस्ट

कांग्रेस पार्टी ने मध्य प्रदेश के 230 विधासनभा सीटों में से 144 सीटों पर अपने उम्मीदवारों की सूची जारी कर दिया है। ऐसी संभावना जताई जा रही है कि कांग्रेस आने वाले दो से तीन दिनों में बची हुई सीटों पर अपनी आखिरी सूची भी जारी कर देगी। वहीं बीजेपी ने अब तक 4 लिस्ट जारी कर 136 उम्मीदवारों को मैदान में उतार दिया है। एमपी में चुनाव 17 नवंबर को होने वाले हैं।

तेलंगाना विधानसभा चुनाव के लिए कांग्रेस पार्टी ने 55 प्रत्याशियों की लिस्ट जारी कर दी हैं। प्रदेश में 119 विधानसभा सीटें हैं। मौजूदा समय में यहां कांग्रेस दूसरी सबसे बड़ी पार्टी है। प्रदेश की कमान बीआरएस प्रमुख केसीआर ने संभाल रखी है। तेलंगाना में विधानसभा चुनाव की तारीख अगले महीने 30 नवंबर को मुकर्रर की गई है। जबकि इसके नतीजे 3 दिसंबर को घोषित किए जाएंगे। वहीं बीआरएस ने 119 विस सीटों पर अपने 115 उम्मीदवारों की सूची जारी कर दी है जबकि बीजेपी ने अभी तक एक भी नाम का एलान नहीं किया है।

छत्तीसगढ़ में कांग्रेस की लिस्ट

छत्तीसगढ़ में कांग्रेस पार्टी ने तीस सीटों पर अपने उम्मीदवारों की सूची जारी की है। प्रदेश में 90 विधानसभा सीटें हैं। यहां कांग्रेस की सरकार है। कांग्रेस की ओर से भूपेश बघेल मुख्यमंत्री हैं। बघेल के नेतृत्व में ही कांग्रेस पार्टी चुनावी मैदान में उतरेगी। प्रदेश में दो चरणों में मतदान होंगे। पहला चरण 7 नवंबर जबकि दूसरा 17 नवंबर को वोट डाले जाएंगे। इनके नतीजे 3 दिसंबर को घोषित किए जाएंगे।

Tags:    

Similar News