चचेरे भाई और चाचा पर चलाई गोली, झुककर दोनों ने बचाई जान

चचेरे भाई और चाचा पर चलाई गोली, झुककर दोनों ने बचाई जान
खेती को लेकर चल रहा था विवाद

डिजिटल डेस्क, मोर्शी (अमरावती)। खेत में बुआई करने के विवाद को लेकर दो चचेरे भाइयों के बीच चल रहे मामूली विवाद ने गंभीर मोड़ ले लिया। खेत में हाथापाई के बाद एक ने घर पहुंचकर शिकार वाली दो नाली बंदूक लाकर अपने चचेरे भाई और चाचा की दिशा में दो गोलियां दाग दीं। गोली चलते ही दोनों नीचे बैठ गए जिससे उनकी जान बच गई। घटना मोर्शी थाना क्षेत्र के तहत ग्राम खेड़ की है।

जानकारी के अनुसार मोर्शी तहसील के खेड़ में संजय ओंकारसिंह जनकवार उर्फ ठाकुर और उसके चचेरे भाई अमोल अशोकसिंह जनकवार उर्फ ठाकुर दोनों का घर एक-दूसरे को लगकर है। दोनों की खेती भी एक दूसरे को लग कर ही है। 29 जून को अमोल ठाकुर अपने चाचा पृथ्वीराज के खेड़ ़खेत शिवार में स्थित खेत में बुआई करने के लिए महिला मजदूरों को लेकर गया था। अमाेल के खेत को लगकर ही उसके चचेरे भाई संजय ठाकुर का खेत है जिससे संजय भी वहां पहुंचा। बुआई शुरू रहते समय अमाेल और उसके चाचा पृथ्वीराज दोनों मौके पर मौजूद थे। इसी बीच संजय ने अमोल को तू इधर बुआई मत कर कहकर विवाद करने लगा। इसी विवाद में संजय ने अमोल के चाचा पृथ्वीराज से गालीगलौज कर दी। दोनों भाइयों में हाथापाई हुई।

इस बीच घटनास्थल से लगभग डेढ़ किमी दूर खेड़ गांव स्थित घर जाकर संजय ने शिकार के लिए इस्तेमाल की जानेवाली दो नालीवाली बंदूक उठाई और खेत में पहुंचा। उसने अमोल पर बंदूक लगाकर कहा कि मैं तुझे जान से मार दूंगा। कहते हुए उसकी दिशा में एक राउंड फायर किया। अमोल नीचे बैठ गया जिससे गोली हवा में चली गई और तत्काल दूसरा राऊंड उसके चाचा पृथ्वीराज की दिशा में किया। दोनों नीचे झुकने से उनकी जान बच गई। खेत में गोली चलने की आवाज आसपास के परिसर में पहुंची।

घटना के बाद बुआई के लिए आई महिलाएं अमोल और उसके चाचा पृथ्वीराज घबराकर खेड़ गांव में लौट आए। अमोल अशोकसिंह जनकवार उर्फ ठाकुर ने मोर्शी पुलिस थाने में आकर शिकायत दर्ज की। मोर्शी के थानेदार श्रीराम लांबाडे के मार्गदर्शन में एक टीम घटनास्थल पहुंची। आरोपी संजय जनकवार को बंदूक के साथ हिरासत में लेकर उसके खिलाफ धारा 307 के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार किया। मामले की जांच मोर्शी पुलिस कर रही है।

Created On :   30 Jun 2023 4:01 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story