- Home
- /
- राज्य
- /
- महाराष्ट्र
- /
- अमरावती
- /
- अंतिम संस्कार में घुस आए बौराए...
अंतिम संस्कार में घुस आए बौराए श्वान ने चार को काटा

डिजिटल डेस्क, अचलपुर (अमरावती)। अंतिम यात्रा में घुसे आवारा श्वान ने चार लोगों को काटकर घायल कर दिया। घटना सावलापुर में घटी। इस घटना से गांव में भय का माहौल है। गांव के 80 वर्षीय महादेवराव फुंडकर का निधन हो गया था। उनकी अंतिम यात्रा मोक्षधाम के लिए निकलने ही वाली थी। इसी बीच एक पागल श्वान ने 4 लोगों को काटकर घायल कर दिया। अचानक दुख की घड़ी में हुई इस घटना से वहां हड़कंप मच गया। श्वान द्वारा जिन लोगों को काटा गया, उनमें कार्तिक राजेंद्र सगणे, लता गोपालराव सगणे, उमेश महादेवराव पुंडकर, प्रथम लखन शर्मा का समावेश है। घायलों को इलाज के लिए जिला सामान्य अस्पताल अमरावती में भर्ती कराया गया।
सालभर पहले हुई थी ऐसी ही घटना : पिछले साल सावलापुर में श्रीकृष्ण राऊत (50) और दिलीप भटकर की 12 वर्षीय बेटी को आवारा श्वान ने काट कर घायल कर दिया था। हालत ठीक न होने पर कुछ दिन बाद उन्हें नागपुर में भर्ती कराया गया था। लेकिन वहां उन्होंने दम तोड़ दिया था।
युवक छोटू सरोदे ने दिखाई हिम्मत : अंतिम यात्रा में चार लोगों को श्वान काटने के बाद कोई आगे आने की हिम्मत नहीं कर रहा था। लेकिन छोटू सरोदे नामक युवक ने श्वान को डंडा दिखाकर भगाया। पिछले साल भी इसी युवक ने दो लोगों को काटने वाले एक श्वान से बचाया था।
Created On :   3 Aug 2023 11:17 AM IST