घटांग-चिखलदरा मार्ग पर भूस्खलन

दो जेसीबी से मलबा हटाने में लगे तीन घंटे

डिजिटल डेस्क, अमरावती/चिखलदरा । अमरावती शहर में भले ही बारिश नहीं हो रही है, लेकिन चिखलदरा में बारिश हो रही है। मंगलवार-बुधवार की रात इसका असर भी देखने को मिला। चिखलदरा से 6 किलोमीटर दूर आमझरी के पास आधी रात करीब 2.30 बजे लगातार बारिश के बाद भूस्खलन से मलबा भरभराकर सड़क गिरा। पत्थर और मिट्‌टी बड़ी मात्रा में बीच सड़क पर आने से सड़क को दोनों ओर से बंद कर दिया गया। मामले की जानकारी मिलते ही स्थानीय नागरिकों और प्रशासन में खलबली मच गई। हालांकि उक्त रास्ता मुख्य मार्ग न होने की वजह से मामले की जानकारी प्रशासन को सुबह हुई। प्रशासन ने जेसीबी की मदद से सुबह 11.30 बजे तक सारा मलबा हटाकर घटांग-चिखलदरा यातायात मार्ग को दोबारा चालू किया।

...तो मुश्किल होता बचना : हादसे के समय अच्छी बात यह है कि कोई वाहन नहीं गुजर रहा था। यदि ऐसा होता तो वाहन के साथ ही उसमें सवार लोगों का बचना मुश्किल था, क्योंकि उसके नीचे की ओर खाई है जिसमें जाने के बाद जान बचना मुश्किल है। जानकारी के अनुसार चिखलदरा में लगातार हो रही बारिश की वजह से मिट्‌टी और पत्थर मंगलवार बुधवार की रात करीब 2.30 बजे भूस्खलन हो गया। इससे बड़ी मात्रा में मिट्‌टी, पत्थर सड़क पर आ गए और पानी ने सड़क के ऊपर से निकलने का रास्ता बना लिया। मुख्य मार्ग न होने की वजह से रात में प्रशासन को जानकारी नहीं मिली। सुबह दूध के वाहनों सहित अन्य वाहन गुजरे तो सड़क पर मलबा पड़ा दिखाई दिया। मामले की जानकारी मिलते ही स्थानीय लोगों में खलबली मच गई क्योंकि सड़क पर बड़ी मात्रा में मलबा पड़ा हुआ था। सुबह करीब 9 बजे मौके पर पहुंचकर प्रशासन ने किसी भी प्रकार की जनहानि न होने से राहत की सांस ली।

Created On :   27 July 2023 3:46 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story