- Home
- /
- राज्य
- /
- महाराष्ट्र
- /
- अमरावती
- /
- दिनदहाड़े पुलिस बनकर आए बदमाशों ने...
Amravati News: दिनदहाड़े पुलिस बनकर आए बदमाशों ने दो लोगों से सवा पांच लाख के गहने किए पार

- एक व्यापारी और एक बुजुर्ग को झांसा देकर ऐंठी रकम
- संगठित गिरोह की आशंका
Amravati News जिले में पुलिस को चुनौती देने वाली दो सनसनीखेज वारदातें बुधवार को दिनदहाड़े हुईं। खुद को क्राइम ब्रांच पुलिस बताकर दो अलग-अलग स्थानों पर लोगों ने एक व्यापारी और एक बुजुर्ग को झांसा देकर पांच लाख रुपए के गहने उड़ा लिए। पहली घटना सुबह 11 बजे मोर्शी के महादेव कॉलोनी में हुई। दूसरी वारदात कुछ घंटे बाद तिवसा निकट मोझरी में हाईवे पर हुई। दोनों वारदातों में खुद को क्राइम ब्रांच पुलिस बताकर घटना को अंजाम दिया गया।
बुजुर्ग से 2 लाख के गहने लेकर रफूचक्कर : मोर्शी की महादेव कॉलोनी में सुबह 11 बजे दो अज्ञात युवकों ने श्यामसुंदर राधा किशन बंग (65, महादेव कॉलोनी, मोर्शी) को बीच रास्ते रोका और खुद को क्राइम ब्रांच के पुलिस अधिकारी बताकर कहा कि चोरी-लूट बढ़ गई है। इसलिए उनसे 32 हजार रुपए मूल्य की 5 ग्राम सोने की अंगूठी और 1.73 लाख रुपए की 22 ग्राम सोने की चेन व लॉकेट उतरवाकर रुमाल में रखने लगाया। बुजुर्ग ने बाद में रुमाल खोलकर देखा तो पत्थर निकले। तब तक यह लोग रफूचक्कर हो चुके थे। माल की कीमत 2 लाख 5 हजार रुपए है। यह बुजुर्ग मोर्शी तहसील कार्यालय से काम निपटाकर मोटर साइकिल से घर लौट रहे थे। तीन लोग पीछा करते आए थे। एक उतर गया। हेलमेट पहने दो अज्ञातों ने इस वारदात को अंजाम दिया।
हाईवे पर 3.15 लाख रुपए के छीने : तिवसा के गुरुदेव नगर निवासी गजानन शंकरराव पांडे (55) रोज की तरह बाइक से मोझरी से तिवसा लौट रहे थे। दोपहर करीब 12 बजे, पेट्रोल पंप के पास दो रेसर बाइक्स पर सवार तीन युवक हेलमेट और काली जैकेट में आए और रास्ता रोक लिया। खुद को क्राइम ब्रांच पुलिस बताकर बोले, डकैती चल रही है, तुम सोना पहनकर क्यों घूम रहे हो? कहकर गले की चेन, अंगूठी और लॉकेट समेत करीब 3.15 लाख के सोने के गहने छीन लिए और अमरावती रोड की ओर फरार हो गए।
खंगाले जा रहे सीसीटीवी फुटेज : अपराधियों की एक जैसी शैली, संगठित गिरोह की आशंका है। रेसर बाइक, हेलमेट और काली जैकेट, क्राइम ब्रांच पुलिस की नकली पहचान और गहने उतरवाकर हाथ सफाई। इससे संदेह गहराया है कि कोई सुनियोजित ठग गिरोह जिले में सक्रिय है, जो नागरिकों को भ्रमित कर खुलेआम ऐसी वारदातों को अंजाम दे रहा है। तिवसा और मोर्शी पुलिस ने दोनों मामलों में धारा 318(4), 319(2) के तहत अलग-अलग मामले दर्ज कर लिए हैं। आरोपियों की तलाश में टीमें लगाई गई हैं। घटनास्थलों के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। स्थानीय अपराध शाखा की टीम भी जांच में जुटी है।
Created On :   19 Jun 2025 12:36 PM IST