- Home
- /
- राज्य
- /
- महाराष्ट्र
- /
- अमरावती
- /
- किसानों का सोयाबीन 4500 में, कंपनी...
Amravati News: किसानों का सोयाबीन 4500 में, कंपनी का 30 किलो बीज 10 हजार में

- कृषि उपज को भाव नहीं मिल रहा है
- बीज के भाव आसमान छू रहे
Amravati News वर्तमान में सोयाबीन का मूल्य 4300 रुपए प्रति क्विंटल है। जबकि कंपनियों का सोयाबीन का बीज 10 हजार रुपए (3300 रुपए प्रति 30 किलो बैग) बिक रहा है। इस असंतुलन ने किसानों को फिर एक बार त्रस्त कर दिया है। किसानों के सोयाबीन को प्रति क्विंटल 4500 रुपए और बीज के 30 किलो की बोरी 10 हजार में बेची जा रही है।
खरीफ सीजन में सोयाबीन को नकदी फसल के रूप में जाना जाता है। इसके चलते किसान कुछ हद तक इस फसल की बुआई करते हैं। किसानों का आर्थिक गणित सोयाबीन पर आधारित है। लेकिन जब सोयाबीन बाजार में जाता है तो उसे समुचित कीमत नहीं मिलती है। एक तरफ कृषि उपज को मूल्य नहीं मिल रहा और दूसरी ओर बीज, खाद व कीटनाशकों के दामों में भारी वृद्धि हो गई है। इससे किसानों का आर्थिक गणित बिगड़ गया है।
भारी बारिश के कारण 2024-25 के खरीफ और रबी दोनों सीजन बर्बाद हो गए। इस साल मौसम विभाग ने 2025-26 के लिए अच्छी बारिश की भविष्यवाणी की है। इसलिए किसान नई उम्मीद के साथ खरीफ सीजन की तैयारी में जुट गए हैं। किसानों के साथ-साथ कृषि सेवा केंद्र और खाद-बीज आपूर्तिकर्ता भी तैयार हैं। बाजार में नए बीज बिक्री के लिए उपलब्ध हैं। इस साल सोयाबीन के भाव को देखते हुए बीज के भाव में कुछ कमी जरूर है, लेकिन कंपनी के उत्पाद किसानों के उत्पाद से तीन गुना महंगे हैं। इसको लेकर कई सवाल पैदा हो रहे हैं। इस समय सोयाबीन का भाव 4300 रुपए प्रति क्विंटल है। जबकि कंपनी के बीज का भाव 10 हजार रुपए है। सोयाबीन बीज के विभिन्न बैग का भाव 2400 से 3300 रुपए तक है। सोयाबीन बीज 30 किलो के बैग में उपलब्ध है।
योजना से बीज का लाभ नहीं : किसानों को बताया जाता है कि किसानों के लिए खेती पर बीज, नि:शुल्क बीज जैसी कई सरकारी योजनाएं हैं। लेकिन हकीकत में किसानों को इन योजनाओं का लाभ नहीं मिल पाता है। कई किसान बीज पाने के लिए पंजीकरण कराते हैं। लेकिन कुछ ही किसानों को लाभ मिल पाता है। जबकि बाकी वंचित रहते हैं।
Created On :   6 Jun 2025 5:32 PM IST