- Home
- /
- राज्य
- /
- महाराष्ट्र
- /
- अमरावती
- /
- डॉग को निवाला बनाने के चक्कर में था...
Amravati News: डॉग को निवाला बनाने के चक्कर में था तेंदुआ, मालिक ने उठापटक की तो भागा - वीडियो वायरल

- तपोवन क्षेत्र के घर में घुसा तेंदुआ, श्वान के शिकार का प्रयास
- डॉक्टर कॉलोनी की घटना, सीसीटीवी में कैद, क्षेत्र में दहशत
Amravati News. स्थानीय तपोवन स्थित डॉक्टर कॉलोनी में अचानक तेंदुआ घुस आया। जो एक घर में पालतू कुत्ते को निवाला बनाने के चक्कर में अंदर जा घुसा और उसे घायल कर गेट से कूदकर निकल भागा। यह घटना सीसीटीवी में कैद हो गई। जिसके बाद से इलाके में दहशत का माहौल है। कॉलोनी के राठोड परिवार के घर में शनिवार आधी रात तेंदुए ने एक पालतू कुत्ते के शिकार करने का प्रयास किया, लेकिन उसे घायल करते हुए निकल गया। डॉक्टर कॉलोनी सहित तपोवन परिसर में रहनेवाले नागरिकों में तेंदुए को लेकर दहशत देखी जा रही है। शहर से बाहर इस इलाके के आसपास जंगल क्षेत्र है और यहां अच्छी-खासी झाड़ियां भी हैं। जिसके चलते तेंदुए को छिपकर रहने में आसानी होती है। वडाली वन विभाग ने परिसरवासियों के लिए अलर्ट जारी करते हुए तेंदुए का तलाशी अभियान शुरू किया है।
(घर के अंदर घुसने की फिराक में तेंदुआ)
(गेट से छलांग लगाकर भागा)
जानकारी के अनुसार, डॉक्टर कॉलोनी परिसर में रहनेवाले सभी लोग शनिवार रात अपने-अपने घरों में सो रहे थे, तभी इस कॉलोनी में रहनेवाले राठोड़ नामक व्यक्ति के घर का पालतू कुत्ता अचानक जोर-जोर से भोंकने लगा। ऐसे में कुत्ते की आवाज सुनकर राठोड़ ने जब दरवाजा खोलकर देखा, तो उन्हें आंगन में तेंदुआ खड़ा दिखाई दिया। जिसने उनके कुत्ते को अपने मुंह में पकड़ रखा था। यह देखते ही राठोड की सिट्टी-पिट्टी गुम हो गई और उन्होंने मदद के लिए चीख-पुकार मचाई, तेंदुए को खदेड़ने के लिए भी काफी उठापटक की। जिससे घबराकर तेंदुए ने कुत्ते को छोड़ दिया और वह मेन गेट के उपर से छलांग लगाकर भाग निकला। रविवार इसका वीडियो सोशल मिडिया में वायरल हो गया। लोगों का कहना है कि तेंदुए के इस परिसर में दुबारा आने की पूरी संभावना है।
Created On :   17 Jun 2025 6:27 PM IST