Amravati News: सूखे कंठ: दस दिन बाद मिल रहा पानी, गागरें फोड़ीं ,जलसंकट से बिगड़े हालात

सूखे कंठ: दस दिन बाद मिल रहा पानी, गागरें फोड़ीं ,जलसंकट से बिगड़े हालात
  • नियोजन के अभाव में हर 10 से 15 दिन में जलापूर्ति
  • जलापूर्ति को लेकर लोगों में तीव्र असंतोष

Amravati News दस दिनों के अंतराल से की जा रही जलापूर्ति को लेकर लोगों में तीव्र असंतोष है। नगर पंचायत पर महिलाओं ने धमक कर जमकर नारेबाजी की और जलापूर्ति की व्यवस्था तत्काल करने की मांग की। शहर को जलापूर्ति करने वाली चंडी परियोजना में प्रचुर जल भंडार होने के बावजूद नगर पंचायत नियोजन के अभाव में हर 10 से 15 दिन में जलापूर्ति कर रही है।

इसके खिलाफ क्षेत्र की सैकड़ों महिलाओं ने नगर पंचायत कार्यालय में गागर मोर्चा निकालते हुए मुख्याधिकारी निवृत्ति भालकर का घेराव किया और कार्यालय में गागर तोड़ कर अपनी नाराजगी व्यक्त की। शहर में बोरवेल सूख चुके हैं और नगर पंचायत के माध्यम से 10 से 15 दिन बाद पानी की आपूर्ति होने से पानी की गंभीर समस्या का सामना करना पड़ रहा है। कई स्थानों पर बोरवेल अच्छी स्थिति में नहीं हैं, इसलिए नागरिकों को पानी के लिए भटकना पड़ रहा है। लोगों ने कहा कि नगर पंचायत प्रशासन साल भर में 365 दिन जलकर वसूलता है, लेकिन जब साल में 36 बार महीने में 3 दिन पानी की आपूर्ति होती है तो हम एक साल का जलकर क्यों भरें। कम से कम हर 3 दिन में नगर में पानी की आपूर्ति की जाए, अन्यथा नगर पंचायत कर्मचारियों को चूड़ियां पहनाने की चेतावनी शिवसेना के प्रकाश मारोटकर और आंदोलनकर्ताओं ने दी।

तीन दिन में समाधान करेंगे : जलसंकट के समाधान के लिए नगर पंचायत प्रयासरत है। मार्च के दौरान जलापूर्ति के बारे में समुचित पहल का भरोसा दिलाया था । जलापूर्ति के लिए जिम्मेदार इंजीनियरों और कर्मचारियों के साथ तत्काल बैठक करेंगे। जलापूर्ति बहाल करने के लिए 3 दिनों के भीतर समाधान करेंगे। निवृत्ति भालेकर, मुख्याधिकारी, नगर पंचायत.


Created On :   6 May 2025 1:57 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story