तुअर के दाम पहली बार 11 हजार प्रति क्विंटल के पार

तुअर के दाम पहली बार 11 हजार प्रति क्विंटल के पार
कृषि मंडी में खरीदी शुरू

डिजिटल डेस्क, अमरावती। कृषि उपज मंडी समिति मेंं पहली बार तुअर ने 11 हजार रुपए क्विंटल खरीदी का आंकड़ा पार किया है। दो दिन के अवकाश बाद कृषि मंडी में खरीदी के व्यवहार शुरू हुए तो तुअर की खरीदी 11 हजार 31 रुपए क्विंटल से हुई। इस वर्ष के मौसम में पहली बार तुअर ने 11 हजार रुपए क्विंटल का आंकड़ा पार किया और मंडी में 848 क्विंटल तुअर खरीदी हुई। उल्लेखनीय है कि संभवत: दीपावली के बाद कृषि मंडी में तुअर की खरीदी आरंभ होती है। शुरुआती दौर में तुअर को मात्र 6 हजार रुपए प्रति क्विंटल के दाम मिलने लगे थे। जिससे शुरुआती दौर में किसानों ने मार्केट में तुअर बेचने लाने में दिलचस्पी नहीं दिखाई। किंतु उसके बाद तुअर के दाम 8 हजार रुपए तक पहुंचे। उस समय रबी के मौसम की बुआई के लिए पैसों की जरुरत पड़ने से अधिकांश किसानों ने तुअर बाजार में बेचने निकाली थी। 20 दिनों से तुअर के दाम 10 हजार 300 से लेकर तो 10 हजार 700 रुपए तक बढ़ रहे थे। 14 अगस्त को जब कृषि मंडी बंद हुई तो तुअर को 10 हजार 700 रुपए क्विंटल के दाम मिले। किंतु दो दिन के अवकाश के बाद गुरुवार को कृषि मंडी में तुअर की खरीदी 11 हजार 31 रुपए प्रति क्विंटल से हुई।

छोटे किसान पहले ही बेच चुके हैं तुअर

शुरुआती दौर में जब तुअर को 8 हजार रुपए क्विंटल के करीब बाजार में भाव मिल रहे थे। तब रबी की बुआई के लिए पैसों की व्यवस्था करने किसानों ने मजबूरी तुअर बाजार में निकाली थी। उसके बाद खरीफ की बुआई के समय अधिकांश किसानों ने अपने घर में रखी तुअर बाजार में निकाल दी। वर्तमान स्थिति में जिन किसानों के यहां खेती माल रखने काफी जगह है और उन्हें पैसों की जरूरत नहीं थी। ऐसे किसान वर्तमान में तुअर को अच्छे दाम मिलने के कारण माल बाजार में ला रहे है। गुरुवार को तुअर के दाम 11 हजार से ज्यादा मिलते ही एक ही दिन 848 क्विंटल तुअर खरीदी बाजार में हुई।

Created On :   18 Aug 2023 1:36 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story